मुंबई: विवादों में घिरी फिल्म 'द केरल स्टोरी 2' अब OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने के लिए तैयार है. यह फिल्म 8 मई 2026 को ZEE5 पर स्ट्रीम होगी. करीब 70 दिनों तक सिनेमाघरों में चलने के बाद अब दर्शक इस फिल्म को घर बैठे देख सकेंगे. फिल्म की लंबाई लगभग 2 घंटे 11 मिनट है और यह एक सोशल क्राइम ड्रामा के रूप में पेश की गई है.
इस फिल्म को कामाख्या नारायण सिंह ने डायरेक्ट किया है और विपुल अमृतलाल शाह ने प्रोड्यूस किया है. 27 फरवरी 2026 को रिलीज होते ही यह फिल्म विवादों में आ गई. कई लोगों ने इस पर सांप्रदायिक एजेंडा फैलाने के आरोप लगाए, वहीं कुछ दर्शकों ने इसे एक गंभीर सामाजिक मुद्दे को उठाने वाली फिल्म बताया. फिल्म का बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन औसत रहा, लेकिन चर्चा और बहस के कारण यह लगातार सुर्खियों में बनी रही.
द केरल स्टोरी 2 तीन अलग अलग राज्यों की महिलाओं की कहानी को दिखाती है. इन कहानियों में रिश्तों के जरिए कथित तौर पर हेरफेर, धोखा और जबरदस्ती धर्म परिवर्तन जैसे गंभीर मुद्दों को दिखाया गया है. राजस्थान की एक नाबालिग लड़की को बहला फुसलाकर धर्म बदलने के लिए मजबूर किया जाता है. मध्य प्रदेश की एक युवती प्यार के नाम पर धोखे का शिकार होती है और खुद को एक ऐसी शादी में फंसा पाती है जहां उसकी आजादी छीन ली जाती है.
वहीं केरल की एक महिला एक पत्रकार के साथ रिश्ते में आती है, लेकिन बाद में उसे भी जबरदस्ती और दबाव का सामना करना पड़ता है. फिल्म इन सभी कहानियों के जरिए एक बड़े कथित नेटवर्क की ओर इशारा करती है.
फिल्म पर लगे आरोपों को लेकर प्रोड्यूसर विपुल अमृतलाल शाह ने अपना रिएक्शन साझा किया है. उन्होंने कहा कि चाहे लोग इसे कैसे भी देखें, उनका मकसद उन महिलाओं की कहानी सामने लाना है जो पीड़ित हैं. उन्होंने यह भी कहा कि अगर समाज ऐसे मुद्दों को नजरअंदाज करेगा तो भविष्य में हालात और गंभीर हो सकते हैं. उनके अनुसार, यह फिल्म एक जरूरी बहस को सामने लाने का प्रयास है.
थिएटर में मिली मिली जुली प्रतिक्रिया के बाद अब सबकी नजर OTT रिलीज पर है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर फिल्म को नया दर्शक वर्ग मिल सकता है. OTT पर रिलीज के बाद यह साफ हो जाएगा कि दर्शक इस फिल्म को किस नजर से देखते हैं. क्या यह फिल्म एक बार फिर बहस छेड़ेगी या फिर दर्शकों का नजरिया बदलेगा, यह देखना दिलचस्प होगा.