रेप, लिपलॉक, थप्पड़ वाले सीन में 50 फीसदी कट…,'द केरल स्टोरी 2' में सेंसर बोर्ड ने क्यों चलाई कैंची, जानें कितना बचा रनटाइम?
'केरल स्टोरी 2' 27 फरवरी, 2026 को रिलीज होने वाली है. रिपोर्ट के अनुसार फिल्म को U/A 16+ सर्टिफिकेट मिल चुका है, लेकिन CBFC ने फिल्म में लगभग 16 कट या बदलाव करने को कहा है.
मुंबई: बॉलीवुड में विवादों की नई एंट्री करने वाली फिल्म 'द केरल स्टोरी 2: गोज़ बियॉन्ड' अब रिलीज के लिए पूरी तरह तैयार है. कामाख्या नारायण सिंह के डायरेक्शन में बनी यह फिल्म 27 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी. विपुल अमृतलाल शाह के प्रोडक्शन में बनी इस सीक्वल ने ट्रेलर रिलीज के बाद से ही सुर्खियां बटोरी हैं, लेकिन अब सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन ने इसे U/A 16+ सर्टिफिकेट दे दिया है. हालांकि सर्टिफिकेट मिलने से पहले बोर्ड ने फिल्म में कुल 16 बड़े बदलाव या कट्स करवाए हैं.
रेप और KISS वाले सीन में 50% की कटौती
रिपोर्ट्स के मुताबिक CBFC ने फिल्म के कुछ संवेदनशील सीन पर सबसे ज्यादा ध्यान दिया. खासतौर पर इंटिमेट और वायलेंस वाले हिस्सों में कटौती की गई है. किसिंग सीन को 50% कम कर दिया गया है, यानी एक लिप-लॉक सीन को 7 सेकंड ट्रिम किया गया. इसी तरह रेप सीन के विजुअल्स भी मूल से आधे कर दिए गए हैं, जिसमें 20 सेकंड की कटौती हुई.
CBFC ने 'द केरल स्टोरी 2' में करवाए 16 बदलाव
इसके अलावा एक महिला को थप्पड़ मारने वाले सीन और एक महिला के सिर पर वार करने वाले सीन को भी 2-2 सेकंड कम किया गया है. बोर्ड ने सिर्फ विजुअल्स तक ही नहीं रोका. एक सीन में आरोपी के घर को बुलडोजर से तोड़ने का दृश्य भी मॉडिफाई करने को कहा गया है. तीन डायलॉग्स में बदलाव किए गए हैं और एक शब्द को म्यूट करने का निर्देश दिया गया. ये बदलाव फिल्म की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए किए गए हैं, ताकि यह 16 साल से ऊपर के दर्शकों के लिए उपयुक्त बने.
फिल्म में एक डिस्क्लेमर जोड़ा गया
CBFC ने फिल्ममेकर्स को कुछ अतिरिक्त निर्देश भी दिए हैं. फिल्म में एक डिस्क्लेमर जोड़ा गया है, जिसमें साफ लिखा है कि 'द केरला स्टोरी 2' सच्ची घटनाओं पर आधारित है. इस डिस्क्लेमर का टेक्स्ट स्क्रीन पर 2 मिनट 3 सेकंड तक दिखाना अनिवार्य किया गया है, साथ ही वॉइस-ओवर भी शामिल करना पड़ा. मेकर्स को पूरी स्क्रिप्ट और डायलॉग्स की कॉपी जमा करनी पड़ी, साथ ही घटनाओं के असली होने के प्रमाण दस्तावेज भी देने पड़े. एक माइनर एक्टर के इस्तेमाल के लिए कंसेंट लेटर भी सबमिट किया गया.
कोर्ट ने प्राइवेट स्क्रीनिंग का दिया आदेश
फिल्म पहले से ही विवादों में घिरी हुई है. केरल हाई कोर्ट में फिल्म की सर्टिफिकेशन को चुनौती देने वाली याचिकाएं दाखिल की गई हैं और कोर्ट ने प्राइवेट स्क्रीनिंग का आदेश दिया है. कुछ लोग फिल्म को प्रोपगैंडा बता रहे हैं, जबकि मेकर्स इसे सच्चाई पर आधारित बता रहे हैं. फिल्म में उल्का गुप्ता, अदिति भाटिया और ऐश्वर्या ओझा जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं. यह पहली 'द केरला स्टोरी' की तरह ही सोशल इश्यूज पर फोकस करती है.