Swara Bhaskar Controversy: बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर का फिल्म 'पद्मावत' और जौहर प्रथा को लेकर दिया बयान एक बार फिर विवादों में है. स्वरा ने फिल्म में दिखाए गए जौहर के सीन पर सवाल उठाते हुए कहा था कि ऐसे चित्रण का यौन हिंसा झेल चुकी महिलाओं पर क्या प्रभाव पड़ सकता है. उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई और अब करणी सेना से जुड़े कुछ लोगों की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है. विवाद के बीच करणी सेना के एक पदाधिकारी द्वारा स्वरा भास्कर को कथित तौर पर धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है. संगठन से जुड़े लोगों ने एक्ट्रेस के बयान पर आपत्ति जताते हुए उनसे माफी की मांग की है.
करणी सेना महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष कीर्ति राठौड़ ने स्वरा भास्कर के बयान की आलोचना की. उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक घटनाओं और राजपूत वीरांगनाओं के बलिदान को लेकर टिप्पणी करते समय इतिहास और उस समय की परिस्थितियों को समझना जरूरी है. उनका कहना है कि किसी ऐतिहासिक प्रथा पर सवाल उठाने का अधिकार सभी को है, लेकिन इसके लिए तथ्य और ऐतिहासिक संदर्भों को ध्यान में रखना चाहिए. उन्होंने स्वरा के बयान को लेकर संगठन की नाराजगी जाहिर की और कहा कि ऐसे बयानों को स्वीकार नहीं किया जाएगा.
विवाद ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया जब करणी सेना के मुंबई अध्यक्ष सुरजीत सिंह राठौड़ के नाम से स्वरा भास्कर को धमकी दिए जाने का दावा सामने आया. उन्होंने एक्ट्रेस से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की बात कही. रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने स्वरा के खिलाफ आपत्तिजनक और हिंसक भाषा का इस्तेमाल करते हुए उन्हें नुकसान पहुंचाने की धमकी दी. उन्होंने संगठन की महिला सदस्यों से भी एक्ट्रेस के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही. हालांकि, इस कथित धमकी पर स्वरा भास्कर की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावत' 2018 में रिलीज हुई थी. फिल्म में दीपिका पादुकोण ने रानी पद्मावती, शाहिद कपूर ने महारावल रतन सिंह और रणवीर सिंह ने अलाउद्दीन खिलजी का रोल निभाया था. फिल्म की रिलीज से पहले ही इसके कथानक और ऐतिहासिक चित्रण को लेकर विवाद खड़ा हो गया था. खासतौर पर जौहर के चित्रण को लेकर अलग अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं.
स्वरा भास्कर भी फिल्म के अंत में दिखाए गए जौहर के दृश्य को लेकर अपनी असहमति जाहिर कर चुकी हैं. उनका तर्क रहा है कि महिलाओं के आत्मदाह को गौरवपूर्ण तरीके से दिखाने के बजाय इस तरह की ऐतिहासिक घटनाओं को महिलाओं के अनुभव और हिंसा के संदर्भ में भी देखा जाना चाहिए.
स्वरा के पुराने बयान के दोबारा चर्चा में आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं. कुछ लोग एक्ट्रेस के विचारों का समर्थन कर रहे हैं, जबकि कुछ यूजर्स करणी सेना के रुख को सही ठहरा रहे हैं. फिलहाल, इस पूरे विवाद में स्वरा भास्कर की ओर से करणी सेना की कथित धमकी पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. वहीं, धमकी को लेकर सामने आए बयानों ने फिल्म 'पद्मावत' से जुड़े पुराने विवाद को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है.