menu-icon
India Daily

BRICS समिट रिहर्सल आज, दिल्ली में 35 से ज्यादा सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन; इन रास्तों से बचें

BRICS Summit 2026 की तैयारियों के तहत दिल्ली में आज 2 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक मोटरकेड रिहर्सल होगी. इसके चलते 22 स्थानों और 35 से अधिक सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
BRICS समिट रिहर्सल आज, दिल्ली में 35 से ज्यादा सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन; इन रास्तों से बचें
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: दिल्ली में BRICS Summit 2026 की तैयारियों के तहत आज 2 सितंबर को मोटरकेड रिहर्सल आयोजित की जाएगी. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इसे लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. रिहर्सल सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगी. इस दौरान राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहेगा.

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार रिहर्सल के दौरान 22 स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन किया जाएगा और 35 से अधिक सड़कों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा. ऐसे में इन मार्गों से गुजरने वाले लोगों को जाम और देरी का सामना करना पड़ सकता है.

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस क्या की अपील?

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे आज अपनी यात्रा पहले से प्लान करें और घर से निकलने से पहले अतिरिक्त समय रखें. यात्रियों को संभव हो तो निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. खास तौर पर मेट्रो को प्राथमिकता देने की अपील की गई है.

रिहर्सल के दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों और निर्धारित डायवर्जन रूट का पालन करना जरूरी होगा. आपातकालीन और जरूरी सेवाओं वाले वाहनों को प्राथमिकता से रास्ता दिया जाएगा.

कौन-कौन होगा शामिल?

BRICS Summit 2026 का आयोजन 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में प्रस्तावित है. इस सम्मेलन में कई सदस्य देशों के शीर्ष नेताओं के शामिल होने की संभावना है. रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के भी सम्मेलन में आने की संभावना जताई गई है.

कैसे हुई थी BRICS की शुरुआत?

BRICS की शुरुआत ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका के साथ हुई थी. बाद में मिस्र, इथियोपिया, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात समेत अन्य देशों के शामिल होने से संगठन का विस्तार हुआ. यह समूह उभरती अर्थव्यवस्थाओं के बीच आर्थिक सहयोग बढ़ाने और वैश्विक वित्तीय संस्थानों में सुधार की दिशा में काम करता है.

भारत इस समय BRICS की अध्यक्षता कर रहा है. विदेश मंत्री एस जयशंकर ने BRICS देशों से भू राजनीतिक तनाव और व्यापार में आ रही रुकावटों से निपटने के लिए व्यावहारिक तरीके तलाशने की अपील की है. उन्होंने वैश्विक संघर्षों के समाधान के लिए बातचीत और कूटनीति को महत्वपूर्ण बताया.

आज होने वाली मोटरकेड रिहर्सल को आगामी BRICS Summit की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारियों का अहम हिस्सा माना जा रहा है. दिल्ली में रहने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे प्रभावित इलाकों में जाने से बचें और अपनी यात्रा के लिए वैकल्पिक मार्गों की योजना बनाकर निकलें.