सनी देओल- प्रीति जिंटा की 'बंटवारा 1947' का ट्रेलर आउट, भारत के बंटवारे के सबसे दर्दनाक दौर की दिखी झलक
'बंटवारा 1947' के ट्रेलर में 1947 का वो समय दिखाया गया है जब देश की आजादी के साथ ही लाखों परिवार बिखर गए थे. एक परिवार की कहानी के जरिए फिल्म हिंसा, डर, जबरन पलायन और रिश्तों के टूटने का दर्द बयां करती है.
Batwara 1947 Trailer: अभी हाल ही में सनी देओल की अपकमिंग फिल्म 'बंटवारा 1947' का ट्रेलर रिलीज हो गया है. ट्रेलर देखते ही दर्शकों की आंखें नम हो गईं. फिल्म 1947 के भारत-पाकिस्तान बंटवारे की पीड़ा को बड़े ही संवेदनशील तरीके से दिखाती नजर आ रही है. आमिर खान प्रोडक्शंस द्वारा बनाई गई इस फिल्म को राजकुमार संतोषी निर्देशित कर रहे हैं. 14 अगस्त 2026 को यह फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.
'बंटवारा 1947' का ट्रेलर आउट
ट्रेलर में 1947 का वो समय दिखाया गया है जब देश की आजादी के साथ ही लाखों परिवार बिखर गए थे. एक परिवार की कहानी के जरिए फिल्म हिंसा, डर, जबरन पलायन और रिश्तों के टूटने का दर्द बयां करती है. ट्रेलर की शुरुआत से ही भावुक माहौल बन जाता है.
Also Read
सनी देओल लीड रोल में हैं और अपने किरदार में पूरी तरह जमे नजर आ रहे हैं. वे एक ऐसे इंसान की भूमिका निभा रहे हैं जो किसी भी स्थिति में अपने सिद्धांतों और जमीर से समझौता नहीं करता. उनकी आंखों में गुस्सा, दर्द और मजबूती साफ दिखाई दे रही है.
भारत के बंटवारे के सबसे दर्दनाक दौर की दिखी झलक
शबाना आजमी फिल्म में बुजुर्ग महिला दुर्गावती देवी का किरदार निभा रही हैं. ट्रेलर में वे इंसानियत की मिसाल बनकर उभरती हैं. मुश्किल समय में भी दूसरों का भरोसा बनाए रखने वाली यह किरदार दिल को छू लेता है. प्रीति जिंटा भी फिल्म में मजबूत महिला के रूप में नजर आ रही हैं. बंटवारे के कठिन दिनों में परिवार को संभालते हुए उनकी भूमिका काफी प्रभावशाली लग रही है.
करण देओल, अली फजल ने भी जीता दिल
फिल्म में करण देओल, अली फजल और अभिमन्यु सिंह जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं. हर किरदार बंटवारे की उस त्रासदी को अलग-अलग नजरिए से पेश करता दिख रहा है. ट्रेलर में इंसानी जज्बातों को इतनी गहराई से दिखाया गया है कि देखने वाले खुद को उस दौर में महसूस करते हैं.
ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है. कई लोग इसे सनी देओल की अब तक की सबसे भावुक फिल्म बता रहे हैं. 14 अगस्त को रिलीज होने के कारण यह फिल्म स्वतंत्रता दिवस के आसपास खास माहौल भी बनाने वाली है.