मासूम की चिट्ठी ने छू लिया सीएम योगी का दिल, बच्चों के लिए बनेगा स्पोर्ट्स सेंटर

कक्षा छह में पढ़ने वाले मोहम्मद ऐदान पाशा ने गर्मियों की छुट्टियों में खेलने के लिए जगह न मिलने का दुख सीधे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चिट्ठी लिखकर बताया. बच्चे के इस भावुक पत्र ने मुख्यमंत्री का दिल छू लिया.

Pinterest
Antima Pal

मुरादाबाद: मुरादाबाद के बिलारी में एक छोटे से बच्चे की सच्ची आवाज ने पूरा प्रशासन हिला दिया है. कक्षा छह में पढ़ने वाले मोहम्मद ऐदान पाशा ने गर्मियों की छुट्टियों में खेलने के लिए जगह न मिलने का दुख सीधे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चिट्ठी लिखकर बताया. बच्चे के इस भावुक पत्र ने मुख्यमंत्री का दिल छू लिया और अब बिलारी में बच्चों के खेलने के लिए आधुनिक सुविधाओं वाला मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स फैसिलिटी सेंटर बनाने का रास्ता साफ हो गया है.

मासूम की चिट्ठी ने छू लिया सीएम योगी का दिल

ऐदान पाशा मोहल्ला बाजार इलाके में रहता है. जब उसे और उसके दोस्तों को खेलने के लिए कोई पार्क या मैदान नहीं मिला तो उसने अपने हाथ से एक पत्र लिखा. इसमें उसने साफ लिखा कि बच्चे खेलना चाहते हैं लेकिन जगह नहीं है. यह चिट्ठी मुख्यमंत्री कार्यालय पहुंचते ही तुरंत संज्ञान में ली गई. मुख्यमंत्री के उप-सचिव रामगोपाल सिंह ने मुरादाबाद के जिलाधिकारी को तुरंत जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए.

बच्चों के लिए बनेगा स्पोर्ट्स सेंटर

इसके बाद अपर जिलाधिकारी संगीता गौतम और बिलारी नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी रजनी सिंह ने मामले की पूरी जांच की. उन्होंने ऐदान और उसके परिवार से बात की और इलाके का जायजा लिया. जांच में पाया गया कि इलाके में वाकई बच्चों के खेलने की अच्छी जगह की कमी है.


प्रशासन ने बच्चे के परिवार को लिखित जानकारी दी है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में 'मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना' के तहत वार्ड नंबर 25 के जूनियर हाईस्कूल के खेल मैदान (गाटा नंबर 720) पर मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स फैसिलिटी सेंटर बनाया जाएगा. इसमें बच्चों के लिए खेल की कई सुविधाएं होंगी. शासन से बजट की राशि मिलते ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा.

बिलारी नगर पालिका की ईओ रजनी सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री कार्यालय से निर्देश मिलने के बाद तुरंत कार्रवाई हुई. उन्होंने कहा कि पहले से ही इस योजना की स्वीकृति थी, लेकिन बच्चे की चिट्ठी ने पूरे मामले को तेजी दी है. अब जल्द ही काम शुरू होगा.