'27 साल पहले फौजी ने वादा किया था...', दिल थाम लीजिए, सनी देओल 'बॉर्डर 2' लेकर आ रहे हैं

युद्ध और देशभक्ति वाली फिल्मों के लिए एक समय पर मशहूर रहे सनी देओल ने 'गदर 2' से कामयाबी का स्वाद दोबारा चख लिया है. अब वह अपनी एक और सुपरहिट फिल्म बॉर्डर का सीक्वल लेकर आ रहे हैं. फिलहाल, फिल्म की डेट अनाउंस नहीं की गई है लेकिन सनी देओल ने अपनी दमदार आवाज से ही माहौल बना दिया है. सनी देओल ने कहा है कि 27 साले पुराने वादे को निभाने फौजी वापस आ रहा है.

Social Media
India Daily Live

एक्शन के बादशाह और देशभक्ति फिल्मों के सबसे बड़े हीरो सनी देओल एक बार फिर से धमाल मचाने वाले हैं. गदर 2 से जबरदस्त वापसी करने वाले सनी देओल अपनी ही एक और पुरानी फिल्म का सीक्वल लेकर आ रहे हैं. सनी देओल ने ट्वीट करके बताया है कि इस बार 'बॉर्डर 2' आ रही है. इस फिल्म को भूषण कुमार ने प्रोड्यूस किया है और अनुराग सिंह इस फिल्म के डायरेक्टर हैं. साल 1997 में आई फिल्म बॉर्डर भारत और पाकिस्तान के युद्ध पर आधारित थी. इस बार सनी देओल ने जो वीडियो पोस्ट किया है उसमें न तो टीजर है, न ट्रेलर लेकिन सनी की आवाज ने ही माहौल बना दिया है.

सनी देओल ने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया है. इसमें उन्हीं की आवाज है. इस वीडियो में सनी देओल कहते हैं, '27 साल पहले एक फौजी ने वादा किया था कि वो वापस आएगा. उसी वादे को पूरा करने, हिंदुस्तान की मिट्टी को अपना सलाम कहने, आ रहा है फिर से.' वीडियो खत्म होने के साथ ही सोनू निगम की आवाज में 'संदेशे आते हैं...' बजता है जो एक झटके में तमाम यादें ताजा कर देता है.


सितारों से सजी थी बॉर्डर

1997 में आई फिल्म 'बॉर्डर' में सनी देओल ने मेजर कुलदीप सिंह चांदपुरी की भूमिका निभाई थी. उनके अलावा, सुनीत शेट्टी, अक्षय खन्ना, जैकी श्रॉफ, तब्बू, सुदेश बेरी, कुलभूषण खरबंदा, पूजा भट्ट, राखी गुलजार, पुनीत इसरार, रंजीत बेदी और रमना वाधवन जैसे कलाकारों ने अहम भूमिका निभाई थी. फिलहाल, सनी देओल ने बॉर्डर 2 की स्टारकास्ट को लेकर कोई खुलासा नहीं किया है.

दरअसल, यह फिल्म साल 1971 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए युद्ध पर आधारित थी. फिल्म के गानों, देशभक्ति डायलॉग और म्यूजिक ने दशकों तक दर्शकों और देशभक्तों के बीच अपनी एक अहम पहचान रखी. आज भी 'संदेशे आते हैं...' गाना लाखों लोगों को भावुक कर देता है. उस समय पर इस फिल्म ने 65 करोड़ से ज्यादा रुपये कमाए थे. इस फिल्में को बेस्ट लिरिसिस्ट (जावेद अख्तर), बेस्ट प्लेबैक सिंगर (हरिहरन) और बेस्ट फिल्म ऑन नेशनल इंटिग्रेशन के अवॉर्ड भी मिले.