मुंबई पुणे रूट पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए सोमवार की रात एक बुरा अनुभव बन गई. मानखुर्द इलाके में अचानक लगे भारी ट्रैफिक जाम ने सैकड़ों लोगों को घंटों तक सड़क पर फंसा दिया. इस जाम में बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनाली कुलकर्णी भी फंस गईं, जिन्होंने इस पूरे माहौल को अपने फोन में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया.
एक्ट्रेस सोनाली कुलकर्णी ने अपने वीडियो में बताया कि वह मुंबई से पुणे जा रही थीं, लेकिन मानखुर्द ब्रिज पर उनका सफर पूरी तरह रुक गया. उन्होंने कहा कि वह करीब 5 घंटे तक एक ही जगह पर खड़ी रहीं और गाड़ियों की लंबी कतार में फंसी रहीं. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कारें, बसें और ट्रक एक दूसरे से सटे हुए खड़े हैं और आगे बढ़ने का कोई रास्ता नहीं था. उनकी आवाज में निराशा साफ झलक रही थी. उन्होंने कैमरे में चारों तरफ का हाल दिखाते हुए कहा कि आगे और पीछे सिर्फ ट्रैफिक ही ट्रैफिक है और कोई भी बाहर नहीं निकल सकता.
एक्ट्रेस ने बताया कि उन्होंने ट्रैफिक अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की. लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिला. उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने उन्हें सिर्फ सब्र रखने की सलाह दी. साथ ही यह भी बताया गया कि जाम बहुत ज्यादा है और इसे खुलने में कितना समय लगेगा इसका अंदाजा किसी को नहीं है. सोनाली ने वीडियो के जरिए पुलिस और प्रशासन से मदद की अपील भी की. उन्होंने कहा कि अगर कोई अधिकारी दूसरी तरफ से आकर जानकारी दे सके या मदद कर सके तो लोगों को राहत मिल सकती है.
Also Read
- Met Gala 2026: इस दिन होगी फैशन की सबसे बड़ी रात? जानें भारत में कब और कहां देख सकते हैं मेट गाला
- कौन थे दादासाहेब फाल्के जिनके नाम पर दिया जाता है सिनेमा का 'भारतरत्न'? जानें किसे मिला था पहला पुरस्कार?
- मां नीतू सिंह के साथ रणबीर कपूर ने बीच सड़क पर किया धमाकेदार डांस, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
जैसे जैसे समय बीतता गया, लोगों की परेशानी बढ़ती गई. सोनाली कुलकर्णी ने बताया कि लंबे समय तक एक ही जगह फंसे रहना मानसिक और शारीरिक रूप से बेहद मुश्किल होता है. उन्होंने यह भी कहा कि हो सकता है कुछ लोग उनसे भी ज्यादा कठिन हालात में हों, लेकिन पांच घंटे तक जाम में फंसे रहना किसी डरावने अनुभव से कम नहीं है.
बता दें की इस भारी ट्रैफिक जाम की वजह एक बड़ा हादसा है. 28 अप्रैल की देर रात मानखुर्द इलाके में सायन पनवेल मार्ग पर एक एक्सकेवेटर माउंटेड ड्रिलिंग क्रेन गिर गई. इस घटना के बाद सड़क पर पूरी तरह से यातायात रुक गया. मानखुर्द, चेंबूर और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया और अगले दिन भी हालात सामान्य नहीं हो सके.