Aamir Khan News: बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। इस बार मामला ऑपरेशन सिंदूर के लिए उनकी देरी से दिया गया रिएक्शन और तुर्की में शूटिंग के दौरान का एक पुराना वीडियो है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस विवाद के बीच आमिर खान की प्रोडक्शन कंपनी, आमिर खान प्रोडक्शन्स ने अपने इंस्टाग्राम डिस्प्ले पिक्चर (डीपी) को बदलकर भारतीय राष्ट्रीय ध्वज की तस्वीर लगा दी है. शुक्रवार को नेटिजन्स ने इस बदलाव को नोटिस किया और सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई.
आमिर खान ने डीपी पर लगाया नेशनल फ्लैग
आमिर खान प्रोडक्शन्स का इंस्टाग्राम हैंडल पहले अपने आधिकारिक लोगो को डीपी के रूप में इस्तेमाल करता था. लेकिन अब तिरंगे की तस्वीर ने लोगों का ध्यान खींचा है. कुछ यूजर्स इसे देशभक्ति का प्रतीक मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे विवाद से ध्यान हटाने की रणनीति बता रहे हैं. एक यूजर ने लिखा 'अब तिरंगे की आड़ में विवाद को दबाने की कोशिश? पहले सही समय पर देश के साथ खड़े होते!' वहीं कुछ प्रशंसकों ने इसे समर्थन का प्रतीक बताया और कहा, 'आमिर हमेशा देश के लिए खड़े रहे हैं. यह एक सकारात्मक कदम है.'
विवाद की शुरुआत तब हुई, जब आमिर ने ऑपरेशन सिंदूर पर देर से अपनी राय दी. इसके अलावा तुर्की में उनकी एक पुरानी क्लिप, जिसमें वह कथित तौर पर विवादास्पद बयान देते नजर आए, ने आग में घी डालने का काम किया. सोशल मीडिया पर कई लोग आमिर को ट्रोल कर रहे हैं, जबकि उनके प्रशंसक उनका बचाव कर रहे हैं.
फैन ने की तारीफ तो यूजर्स ने किया ट्रोल
आमिर खान प्रोडक्शन्स की ओर से अभी तक इस डीपी बदलने के पीछे की वजह पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. लेकिन यह कदम स्पष्ट रूप से लोगों का ध्यान खींच रहा है. कुछ का मानना है कि यह विवाद को शांत करने की कोशिश हो सकती है, जबकि अन्य इसे महज संयोग बता रहे हैं. यह पहली बार नहीं है जब आमिर खान विवादों में घिरे हैं. उनकी फिल्में और बयान अक्सर चर्चा का विषय बनते हैं. इस बीच नेटिजन्स की नजर अब आमिर के अगले कदम पर टिकी है. क्या यह तिरंगा विवाद को शांत कर पाएगा या नई बहस को जन्म देगा?