बलिया का 'छोरा' बना बॉलीवुड स्टार, पार्टी में डांस से चमकी किस्मत; ऐसे बना गली बॉय का MC शेर
बलिया से मुंबई तक का सफर तय करने वाले सिद्धांत चतुर्वेदी आज बॉलीवुड का जाना माना चेहरा हैं. आइए उनके जन्मदिन पर उनकी सफलता के पीछे की उस दिलचस्प कहानी के बारे में जानते हैं जिसे बेहद कम लोग जानते हैं.
मुंबई: सपनों के शहर मुंबई में कई लोग भीड़ में खो जाते हैं तो कई लोग अपनी पहचान बना ही लेते हैं. सिद्धांत चतुर्वेदी भी उन्हीं में से एक हैं जिसने इस शोरगुल भरी फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई है. बलिया के इस लड़के ने ना सिर्फ अपने सपनों को जिया है, बल्कि अपनी मेहनत से बॉलीवुड में ऐसी जगह बनाई जो हर किसी के बस की बात नहीं है. उनकी कहानी में संघर्ष भी है, किस्मत भी है और एक ऐसा मोड़ भी, जिसने सब कुछ बदल दिया.
सिद्धांत चतुर्वेदी का जन्म उत्तर प्रदेश के बलिया में एक मिडिल क्लास परिवार में हुआ था. उनके पिता चार्टर्ड अकाउंटेंट थे और घर में पढ़ाई को काफी महत्व दिया जाता था. परिवार चाहता था कि सिद्धांत भी एक सुरक्षित करियर चुनें और सीए बनें. लेकिन शायद एक्टर के दिल में कुछ और ही चल रहा था. बचपन से ही उन्हें एक्टिंग और स्टेज से लगाव था. पांच साल की उम्र में मुंबई आने के बाद उन्होंने अपने सपनों को धीरे धीरे आकार देना शुरू किया.
सीए की पढ़ाई छोड़ एक्टर बनें सिद्धांत चतुर्वेदी
सिद्धांत ने सीए की पढ़ाई के साथ साथ एक्टिंग में हाथ आजमाना शुरू किया. साल 2013 में उन्होंने क्लीन एंड क्लियर बॉम्बे टाइम्स फ्रेश फेस प्रतियोगिता जीती. यही उनके लिए पहला बड़ा मौका था. इसके बाद उन्होंने मॉडलिंग, एड शूट और थिएटर में काम करना शुरू किया. थिएटर ने उन्हें न सिर्फ आत्मविश्वास दिया बल्कि एक्टिंग की बारीकियां भी सिखाईं. धीरे धीरे उनका फोकस पूरी तरह एक्टिंग पर आ गया.
Also Read
- सुपरस्टार मोहनलाल ने पत्नी सुचित्रा के साथ मनाई 38वीं शादी की सालगिरह, कहा- 'अभी भी लगता है सब कुछ नया-नया है'
- थलपति विजय की फिल्म 'जन नायकन' पर विवाद, मदुरै के गांवों में प्रदर्शन; बदलाव और माफी की मांग
- हाई हील्स पहनकर 'लाल परी' गाने पर डांस करते नजर आए अक्षय कुमार, फराह खान भी हुईं हैरान; देखें वीडियो
वेब सीरीज से मिली पहली पहचान
साल 2016 में आई वेब सीरीज लाइफ सही है से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की. हालांकि यह शुरुआत छोटी थी, लेकिन इससे उन्हें इंडस्ट्री में पहचान मिलने लगी. इसके बाद 2017 में अमेजन प्राइम की चर्चित सीरीज इनसाइड एज में उनका रोल लोगों को पसंद आया. इस सीरीज ने उन्हें एक सीरियस एक्टर के तौर पर स्थापित कर दिया. कहते हैं किस्मत कब और कैसे बदल जाए, कोई नहीं जानता. सिद्धांत के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. एक पार्टी में उनकी एनर्जी और डांस देखकर मशहूर डायरेक्टर जोया अख्तर काफी प्रभावित हुईं. यही वह पल था जब उन्हें फिल्म गली बॉय के लिए चुना गया. इस फिल्म में उन्होंने MC Sher का किरदार निभाया और अपनी दमदार एक्टिंग से सभी का दिल जीत लिया.
MC शेर से स्टार बनने तक का सफर
गली बॉय में रणवीर सिंह के साथ काम करते हुए सिद्धांत ने साबित कर दिया कि वह सिर्फ सपोर्टिंग रोल तक सीमित नहीं हैं. उनकी डायलॉग डिलीवरी और स्क्रीन प्रेजेंस ने उन्हें रातों रात स्टार बना दिया. इसके बाद उन्हें लगातार फिल्मों के ऑफर मिलने लगे. धीरे धीरे उन्होंने साइड रोल से लेकर लीड रोल तक का सफर तय किया.