मुंबई: शिल्पा शेट्टी के पति और जाने-माने बिजनेसमैन राज कुंद्रा को बड़ी कानूनी राहत मिली है. मुंबई की स्पेशल पीएमएलए (धन शोधन निवारण अधिनियम) कोर्ट ने शुक्रवार को उन्हें 150 करोड़ रुपये के कथित बिटकॉइन स्कैम मामले में जमानत दे दी. यह मामला मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा है, जिसकी जांच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कर रही है.
कोर्ट में पेश होने के बाद राज कुंद्रा की जमानत याचिका पर सुनवाई हुई. उनके वकील प्रशांत पाटिल ने दलीलें पेश कीं कि चार्जशीट में कोई ठोस आधार नहीं है. राज कुंद्रा ने 2018 से ईडी के साथ पूरी तरह सहयोग किया है और कभी जांच में बाधा नहीं डाली. कोर्ट ने जमानत मंजूर कर ली, लेकिन कुछ शर्तें लगाईं. उन्हें 1 लाख रुपये का जमानती मुचलका भरना होगा और विदेश यात्रा के लिए कोर्ट से पहले अनुमति लेनी होगी.
Mumbai, Maharashtra: On Getting Bail from the PMLA Court, Businessman Raj Kundra says, "I always had full faith in the Judiciary system, when I know that I have not done anything wrong, so it's a relief that Judiciary notices it and gives the relief. So, now I will follow the… pic.twitter.com/VFkwa3LaGs
— IANS (@ians_india) February 20, 2026
जमानत मिलने के बाद राज कुंद्रा ने मीडिया से बात की. उन्होंने कहा, "मुझे न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा था. मैं जानता हूं कि मैंने कोई गलत काम नहीं किया है. न्यायालय ने इसे समझा और राहत दी. अब मैं पूरी प्रक्रिया का पालन करूंगा." उन्होंने "सत्यमेव जयते" कहकर अपनी खुशी जाहिर की. यह मामला एक बड़े बिटकॉइन पोंजी स्कीम से जुड़ा है, जिसमें ईडी का दावा है कि राज कुंद्रा को स्कैम के मुख्य आरोपी अमित भारद्वाज से 285 बिटकॉइन मिले थे. इनकी मौजूदा कीमत करीब 150 करोड़ रुपये बताई गई है. ये बिटकॉइन यूक्रेन में माइनिंग फार्म के लिए दिए गए थे.
ईडी ने पिछले साल सप्लीमेंटरी चार्जशीट दाखिल की थी, जिसके आधार पर कोर्ट ने कार्रवाई की. बता दें कि राज कुंद्रा इससे पहले भी कानूनी मामलों में फंसे रहे हैं. पोर्नोग्राफी से जुड़े एक पुराने केस में उन्होंने जेल भी काटी है. लेकिन इस बिटकॉइन मामले में जमानत मिलना उनके लिए बड़ी सकारात्मक खबर है. शिल्पा शेट्टी और परिवार के लिए भी यह राहत का पल है. फिलहाल जांच जारी है, लेकिन जमानत के बाद राज कुंद्रा अब बाहर आकर अपने बिजनेस और फैमिली लाइफ पर फोकस कर सकेंगे.