IPL 2026

27 साल बाद लौटा ‘कुछ कुछ होता है’ का 'राहुल'! सुबह 3 बजे ‘लड़की बड़ी अनजानी है’ पर थिरके शाहरुख खान

Shah Rukh Khan Video: 70वें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स से पहले शाहरुख खान का एक वीडियो वायरल हो गया है, जिसमें वे अपने 90 के दशक के सुपरहिट गाने ‘लड़की बड़ी अनजानी है’ पर थिरकते नजर आ रहे हैं. फैंस ने उन्हें देखने के लिए सुबह 3 बजे से ही स्टेडियम के बाहर कतार लगा दी.

X (@SRKUnited_)
Babli Rautela

Shah Rukh Khan Video: फिल्मों के बादशाह शाहरुख खान एक बार फिर अपने चार्म और एनर्जी से दिल जीत रहे हैं. 70वें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स 2025 से पहले उनके रिहर्सल वीडियो ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है.एक फैन क्लब ‘एसआरके फैन्स यूनाइटेड’ द्वारा शेयर किए गए वीडियो में 59 वर्षीय शाहरुख खान को उनकी 1998 की कल्ट फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ के गाने ‘लड़की बड़ी अनजानी है’ पर डांस करते देखा जा सकता है.

कैजुअल ग्रे स्वेटशर्ट और कार्गो पैंट्स में किंग खान पूरी ऊर्जा के साथ रिहर्सल करते नजर आए. उनके साथ डांसर्स की पूरी टीम भी मौजूद थी, जो उनके हर स्टेप को फॉलो कर रही थी.

सुबह 3 बजे से लगी फैंस की कतार!

वीडियो के दूसरे हिस्से ने हर किसी को हैरान कर दिया. बताया गया कि शाहरुख खान को देखने के लिए फैंस सुबह 3 बजे से ही स्टेडियम के बाहर इकट्ठा हो गए थे. फैन पेज ने वीडियो के कैप्शन में लिखा, 'किंग खान सुबह 3 बजे स्टेडियम के बाहर जमा भीड़ के साथ फिल्मफेयर अवॉर्ड्स की रिहर्सल कर रहे हैं.' हालांकि, शाहरुख खान ने इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन उनके फैन क्लब्स पर शेयर किए गए वीडियो सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहे हैं.

70वां फिल्मफेयर अवॉर्ड्स

इस साल 70वें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स 2025 का आयोजन 11 अक्टूबर को अहमदाबाद में किया जा रहा है. शाहरुख खान इस ग्रैंड नाइट के मुख्य होस्ट होंगे. वे मनीष पॉल और करण जौहर के साथ मंच साझा करेंगे. तीनों के साथ आने से फैंस को एक शानदार मनोरंजन भरी रात की उम्मीद है.

जब पिछले हफ्ते शाहरुख खान को फिल्मफेयर का होस्ट घोषित किया गया था, उन्होंने कहा था, 'पहली बार जब मैंने ब्लैक लेडी को अपने हाथों में लिया था, तब से लेकर वर्षों से अपने सहयोगियों और प्रशंसकों के साथ अनगिनत यादें साझा करने तक; यह प्यार, सिनेमा और जादू का एक सफ़र रहा है. 70वें वर्ष में सह-होस्ट के रूप में वापसी करना वाकई खास है.' उन्होंने आगे कहा, 'मैं वादा करता हूँ कि यह रात हँसी, पुरानी यादों और उन फिल्मों के जश्न से भरपूर होगी जिन्हें हम सभी पसंद करते हैं.'