आदित्य धर की ‘धुरंधर’ से सामने आया संजय दत्त का पहला लुक, इंटेंस ‘जिन्न’ अवतार ने मचाई सनसनी

आदित्य धर की अगली मेगा एक्शन थ्रिलर ‘धुरंधर’ से संजय दत्त का पहला लुक जारी कर दिया गया है. रणवीर सिंह के शेयर किए गए इस पोस्टर में दत्त एक रहस्यमयी और इंटेंस ‘जिन्न’ के किरदार में नजर आ रहे हैं. यह फिल्म 5 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

Instagram
Babli Rautela

मुंबई: संजय दत्त एक बार फिर अपने फैंस को चौंकाने के लिए तैयार हैं. इस बार वह न किसी डॉन के किरदार में हैं, न गैंगस्टर के बल्कि एक रहस्यमयी ‘जिन्न’ के रूप में. आदित्य धर के निर्देशन में बन रही फिल्म धुरंधर में उनका यह नया अवतार पहले ही सोशल मीडिया पर सनसनी बन चुका है. रणवीर सिंह द्वारा शेयर किए गए इस पोस्टर ने फैंस के बीच जबरदस्त चर्चा छेड़ दी है.

रणवीर सिंह ने अपने इंस्टाग्राम पर पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, 'जिन्न. 2 दिन बाकी! धुरंधर ट्रेलर 12 नवंबर को दोपहर 12:12 बजे रिलीज़ होगा. सिनेमाघरों में 5 दिसंबर को मिलते हैं.' पोस्टर में संजय दत्त का चेहरा अंधेरे और धुएं के बीच उभरता दिखाई देता है, आँखों में गुस्सा, रहस्य और ताकत का मिश्रण झलकता है. लुक से साफ है कि उनका किरदार फिल्म की कहानी में एक गहरी और निर्णायक भूमिका निभाने वाला है.

फिल्म का म्यूजिक बना दर्शकों की धड़कन

धुरंधर का टाइटल ट्रैक पहले ही रिलीज हो चुका है और इसने दर्शकों में जबरदस्त जोश भर दिया है. गाने में रणवीर सिंह बंदूक थामे एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं. यह ट्रैक शाश्वत सचदेव और चरणजीत आहूजा द्वारा रचा गया है, जिसमें आधुनिक हिप-हॉप, पंजाबी बीट्स और सिनेमाई ग्रैंडनेस का अनोखा मेल है.

इस गाने को हनुमानकाइंड, जैस्मीन सैंडलस, सुधीर यदुवंशी, शाश्वत सचदेव, मुहम्मद सादिक और रंजीत कौर ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसके बोल हनुमानकाइंड, जैस्मीन सैंडलस और बाबू सिंह मान ने लिखे हैं.

संगीत की आत्मा और इसके पीछे की कहानी

संगीतकार शाश्वत सचदेव ने इस गाने के बारे में कहा, ‘ना दे दिल परदेसी नू’ एक लोकगीत है जिसमें गहरी भावनाएँ हैं. इसे धुरंधर में शामिल करना हमारे लिए सम्मान और जिम्मेदारी दोनों था. यह गीत फिल्म की आत्मा में बसा हुआ था और कहानी की शुरुआत से ही इसका हिस्सा रहा है.'

उन्होंने आगे बताया, 'हमने इसके साउंड को फिल्म की धड़कन के साथ जोड़कर विकसित किया. आदित्य धर, हनुमानकाइंड और मैंने एक रात स्टूडियो में बैठकर इसका रैप हिस्सा तैयार किया. उस क्षण की ऊर्जा ने ट्रैक में कच्ची और सच्ची आग भर दी.'