कभी घंटों तक कंधे पर हारमोनियम रखकर पैदल चलता था ये लड़का... कैसे बना भोजपुरी इंडस्ट्री का 'जुबली स्टार'?

भोजपुरी सिनेमा के जुबली स्टार कहे जाने वाले निरहुआ आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं. उनके जीवन की कहानी संघर्ष, प्रेरणा और मेहनत की मिसाल है. आज एक्टर के जन्मदिन पर जानते हैं कि कैसे गांव से निकलकर संगीत फिल्मों और फिर संसद तक पहुंचे दिनेश लाल यादव.

Social Media
Babli Rautela

मुंबई: भोजपुरी एक्टर दिनेश लाल यादव जिन्हें पूरा देश 'निरहुआ' के नाम से जानता है आज अपना 47वां जन्मदिन मना रहे हैं. एक्टर का जन्म 2 फरवरी 1979 को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के छोटे से गांव टंडवा में हुआ था. परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं थी. पिता कुमार यादव सीमित आय में पूरे परिवार का खर्च चलाते थे. बेहतर भविष्य की तलाश में परिवार कोलकाता के बेलघोरिया इलाके में आकर बस गया. यहीं निरहुआ का बचपन बीता जहां अभाव और संघर्ष उनके जीवन का हिस्सा बन गए.

निरहुआ का मन पढ़ाई से ज्यादा संगीत में लगता था. उन्होंने बारहवीं तक पढ़ाई की लेकिन गाने का शौक कभी कम नहीं हुआ. हालात ऐसे थे कि संसाधन नहीं मिलने पर वह हारमोनियम कंधे पर रखकर कई किलोमीटर पैदल चलते थे. यही संघर्ष बाद में उनकी सबसे बड़ी ताकत बना. संगीत के लिए उनका यही जुनून उन्हें भोजपुरी लोकगीतों की दुनिया में ले गया.

भोजपुरी संगीत की दुनिया में कदम

पढ़ाई पूरी करने के बाद निरहुआ ने अपने चचेरे भाई बिरहा सम्राट विजय लाल यादव और प्यारे लाल यादव के साथ भोजपुरी लोकगीतों में हाथ आजमाया. शुरुआत आसान नहीं थी लेकिन उनकी आवाज और लोकभावना से जुड़ी गायकी लोगों को पसंद आने लगी. धीरे धीरे उनका नाम भोजपुरी संगीत में पहचान बनाने लगा.

दिनेश लाल यादव को पहले एल्बम से मिली सफलता

साल 2004 निरहुआ के करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ. अपने पहले भोजपुरी एल्बम निरहुआ सटल रहे से उन्होंने हर दिल में अपनी जगह बनाई. यह एल्बम जबरदस्त हिट रहा और देखते ही देखते निरहुआ भोजपुरी गायकी का बड़ा नाम बन गए. उनके गानों ने न सिर्फ लोकप्रियता पाई बल्कि भोजपुरी संगीत को नई पहचान भी दिलाई

संगीत में सफलता के बाद निरहुआ ने भोजपुरी फिल्मों का रुख किया. साल 2008 में उनकी पहली फिल्म निरहुआ रिक्शावाला रिलीज हुई. फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया और निरहुआ को भोजपूरी इंडस्ट्री का स्टार बना दिया. इसके बाद निरहुआ हिंदुस्तानी के तीनों सीक्वल, पटना से पाकिस्तान, बम बम बोल रहा है काशी और बॉर्डर जैसी फिल्मों ने उन्हें भोजपुरी सिनेमा का सबसे बड़ा चेहरा बना दिया. इसी वजह से उन्हें 'जुबली स्टार' कहा जाने लगा.

टीवी ने बढ़ाई देशभर में पहचान

साल 2012 में निरहुआ टीवी के पॉपुलर रियलिटी शो बिग बॉस सीजन 6 में नजर आए. इस शो ने उन्हें भोजपुरी दर्शकों से बाहर भी पहचान दिलाई. पूरे देश में उनकी लोकप्रियता बढ़ी और वह एक चर्चित चेहरा बन गए.

साल 2019 में निरहुआ ने राजनीति में एंट्री की. 27 मार्च को उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली. इसके बाद पार्टी ने उन्हें आजमगढ़ लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा. भोजपुरी सुपरस्टार से नेता बने निरहुआ ने राजनीति में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई और संसद तक पहुंचे.