menu-icon
India Daily

'आई लव यू बाबा...', संजू बाबा के जन्मदिन पर सलमान खान ने लिखी दिल छू लेने वाली बात, देखें पोस्ट

सलमान खान ने संजय दत्त के जन्मदिन पर उन्हें गले लगाते हुए तस्वीरें शेयर कीं और इमोशनल नोट लिखा. पोस्ट में उन्होंने संजय दत्त की खुशहाली की दुआ मांगी, जिस पर फैंस जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं.

babli
Edited By: Babli Rautela
'आई लव यू बाबा...', संजू बाबा के जन्मदिन पर सलमान खान ने लिखी दिल छू लेने वाली बात, देखें पोस्ट
Courtesy: Instagram

बॉलीवुड के दो सबसे लोकप्रिय सितारे सलमान खान और संजय दत्त अपनी गहरी दोस्ती के लिए जाने जाते हैं. संजय दत्त के 67वें जन्मदिन के कुछ दिन बाद सलमान खान ने सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक पोस्ट शेयर कर अपने दोस्त और बड़े भाई के प्रति प्यार जाहिर किया. उनकी पोस्ट अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है.

सलमान खान ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कुछ तस्वीरें शेयर कीं, जिनमें वह संजय दत्त को गले लगाते हुए नजर आ रहे हैं. दोनों सितारों के चेहरे पर मुस्कान और अपनापन साफ दिखाई दे रहा है. इन तस्वीरों ने फैंस का दिल जीत लिया.

सलमान ने लिखा दिल छू लेने वाला मैसेज

तस्वीरों के साथ सलमान खान ने इमोशनल कैप्शन लिखा, "बाबा हमेशा के लिए बाबा और बाबा, बाबा होता है. संजू बाबा हैं हम सब के बाबा और संजू बाबा अब अपने बच्चों का बाबा. मेरा बड़ा भाई संजय दत्त... अल्लाह, भगवान, जीसस सब इस आदमी को खुश रखें. आई लव यू बाबा." सलमान का यह संदेश सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है और फैंस दोनों सितारों की दोस्ती की तारीफ कर रहे हैं.

सालों पुरानी है सलमान और संजय की दोस्ती

सलमान खान और संजय दत्त ने कई फिल्मों में साथ काम किया है. दोनों 'साजन', 'चल मेरे भाई' जैसी फिल्मों में अपनी शानदार केमिस्ट्री से दर्शकों का दिल जीत चुके हैं. फिल्मों के अलावा दोनों ने 'बिग बॉस सीजन 5' को भी साथ में होस्ट किया था. इंडस्ट्री में उनकी दोस्ती को सबसे मजबूत रिश्तों में से एक माना जाता है.

सलमान के पोस्ट पर फैंस ने भी जमकर प्यार लुटाया. एक यूजर ने लिखा कि दोनों को साथ देखकर पुरानी यादें ताजा हो गईं. एक अन्य यूजर ने लिखा कि सलमान का अपने दोस्तों के प्रति प्यार हमेशा दिल जीत लेता है. वहीं कुछ लोगों ने मजाकिया अंदाज में कहा कि सलमान के कैप्शन में इमोशन इतने ज्यादा थे कि व्याकरण पीछे छूट गया. सोशल मीडिया पर यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है और दोनों सुपरस्टार्स के फैंस इसे खूब शेयर कर रहे हैं.

सलमान खान की आने वाली फिल्में

वर्क फ्रंट की बात करें तो सलमान खान जल्द ही फिल्म 'मातृभूमि' में नजर आने वाले हैं. इसके अलावा वह निर्देशक वामशी पैडिपल्ली की फिल्म SVC63 की शूटिंग में व्यस्त हैं, जिसमें उनके साथ नयनतारा मुख्य भूमिका निभा रही हैं.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान खान ने इस फिल्म के लिए अपनी फीस में भी कटौती की है. जहां वह आमतौर पर एक फिल्म के लिए करीब 120 करोड़ रुपये फीस लेते हैं, वहीं इस प्रोजेक्ट के लिए उन्होंने कथित तौर पर 70 करोड़ रुपये चार्ज किए हैं. हालांकि, इस संबंध में निर्माताओं या सलमान खान की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.