Saiyaara Box Office Collection Day 12: 18 जुलाई 2025 को रिलीज हुई मोहित सूरी की रोमांटिक म्यूजिकल ड्रामा ‘सैयारा’ ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा रखा है. अहान पांडे और अनीत पड्डा की इस डेब्यू फिल्म ने रिलीज के 12वें दिन तक 266 करोड़ रुपये की शानदार कमाई कर ली है. यशराज फिल्म्स द्वारा निर्मित इस फिल्म ने न केवल दर्शकों का दिल जीता, बल्कि कई बड़े रिकॉर्ड्स भी तोड़ दिए हैं. पहले हफ्ते में 172.75 करोड़ रुपये की कमाई के बाद, दूसरे हफ्ते में भी फिल्म ने अपनी पकड़ बनाए रखी, हालांकि वीकडेज में कमाई में मामूली गिरावट देखी गई है.
‘सैयारा’ ने अपने पहले हफ्ते में शानदार प्रदर्शन किया और दूसरे वीकेंड में भी यह रफ्तार बरकरार रही. दूसरे रविवार को फिल्म ने 30 करोड़ रुपये की जबरदस्त कमाई कर एक बार फिर अपनी पॉपुलैरिटी साबित कर दी है. हालांकि, दूसरे सोमवार को कमाई 9.25 करोड़ रुपये तक गिर गई, जो फिल्म के पूरे रन में पहली बार सिंगल डिजिट में थी. फिर भी, मंगलवार को मल्टीप्लेक्स में टिकटों पर छूट के कारण कमाई में मामूली बढ़ोतरी हुई और 9.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन दर्ज किया गया. Sacnilk के अनुसार, फिल्म की कुल कमाई अब 266 करोड़ रुपये हो चुकी है.
‘सैयारा’ एक भावनात्मक प्रेम कहानी है, जिसमें कृष कपूर (अहान पांडे) और वाणी बत्रा (अनीत पड्डा) अहम किरदार में हैं. मोहित सूरी की खास स्टोरीटेलिंग और फिल्म के गानों ने दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचा है. फिल्म ने अपने पहले दिन से ही दर्शकों का दिल जीत लिया और 21.5 करोड़ रुपये की ओपनिंग के साथ कई रिकॉर्ड तोड़े हैं. सोशल मीडिया पर अहान और अनीत की जोड़ी की तुलना ‘आशिकी 2’ के लीड पेयर से की जा रही है, जो इस फिल्म की यूथ अपील को दर्शाता है.
‘सैयारा’ को हाल ही में रिलीज हुई ‘महावतार नरसिम्हा’ का भी सामना करना पड़ रहा हैं, जिसके कारण सोमवार को कमाई में गिरावट देखी गई. इस्कॉन जैसे धार्मिक समूहों की ओर से की गई भारी बुकिंग ने भी इसकी रफ्तार को प्रभावित किया. फिर भी, मंगलवार को टिकट छूट के कारण कमाई में सुधार हुआ. अगर फिल्म इसी तरह सिंगल डिजिट में भी कमाई करती रही, तो यह शुक्रवार तक 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर सकती है.
1 अगस्त को ‘सन ऑफ सरदार 2’ और ‘धड़क 2’ की रिलीज से ‘सैयारा’ को कड़ी टक्कर मिल सकती है. खासकर ‘धड़क 2’, जो सामाजिक मुद्दों पर आधारित एक प्रेम कहानी है, दर्शकों का ध्यान खींच सकती है. फिर भी, ‘सैयारा’ ने वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर 404 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है, जो इसे 2025 की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनाता है.