रोहित शर्मा का टीवी डेब्यू, अजय देवगन का क्राइम शो और KBC मराठी में माधुरी दीक्षित, जानें पूरी लिस्ट

रोहित शर्मा क्रिकेट के बाद अब टीवी पर नए शो के साथ नजर आएंगे. वहीं अजय देवगन ‘क्राइम पेट्रोल 2026’ होस्ट करेंगे और माधुरी दीक्षित मराठी KBC का हिस्सा बनेंगी.

X
Ashutosh Rai

क्रिकेट के मैदान पर लंबे समय तक राज करने के बाद रोहित शर्मा अब मनोरंजन की दुनिया में नई पारी शुरू करने जा रहे हैं. Sony Pictures Networks India ने अपने नए कंटेंट लाइन-अप में रोहित के शो की जानकारी दी है. इसके अलावा अजय देवगन, माधुरी दीक्षित, भारती सिंह, हर्ष लिम्बाचिया और सामंथा रूथ प्रभु जैसे सितारे भी अलग-अलग प्रोजेक्ट्स में नजर आएंगे.

रोहित शर्मा का नया शो

T20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद रोहित शर्मा अब छोटे पर्दे पर एक नए शो के साथ डेब्यू करेंगे. फिलहाल शो का नाम और फॉर्मेट सामने नहीं आया है लेकिन इसका टीजर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा चुका है. करीब एक मिनट 40 सेकंड के इस टीजर में रोहित अपने फैंस से बातचीत करते दिखाई देते हैं. फैंस उनसे उनकी वायरल लाइन, “कोई भी गार्डन में नहीं घूमेगा,” दोहराने के लिए कहते हैं. बार-बार यही मांग सुनकर रोहित परेशान नजर आते हैं और आखिर में वहां से चले जाते हैं. इससे साफ है कि शो में क्रिकेटर का हल्का-फुल्का और मनोरंजक अंदाज देखने को मिल सकता है.


अजय देवगन और माधुरी दीक्षित भी दिखेंगे

Sony Pictures Networks India के फेस्टिव लाइन-अप में कई बड़े नाम शामिल हैं. अमिताभ बच्चन के साथ ‘कौन बनेगा करोड़पति’ का 18वां सीजन ‘सोचना पड़ेगा’ थीम के साथ लौट रहा है. वहीं अजय देवगन ‘क्राइम पेट्रोल 2026’ को होस्ट करेंगे, जिसमें असल जिंदगी से जुड़े अपराध के मामलों को कहानी के रूप में दिखाया जाएगा. कॉमेडी के लिए भारती सिंह और हर्ष लिम्बाचिया ‘इंडियन गेम शो’ लेकर आएंगे. मराठी दर्शकों के लिए माधुरी दीक्षित ‘कौन होणार करोडपति’ की मेजबानी करेंगी. इसके अलावा ‘स्कैम 2010’ का निर्देशन हंसल मेहता ने किया है, जबकि तमिल दर्शकों के लिए ‘मास्टरशेफ तमिल’ और ‘तमिल आइडल’ जैसे शो भी लाइन-अप का हिस्सा हैं.

टीवी से लेकर रीजनल कंटेंट तक बड़ा प्लान

Sony Pictures Networks India का नया लाइन-अप सिर्फ बड़े सितारों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें अलग-अलग भाषाओं और तरह के शो को जगह दी गई है. ‘मास्टरशेफ तमिल’ में सामंथा रूथ प्रभु नजर आएंगी. वहीं ‘तमिल आइडल’ में ए.आर. रहमान तमिलनाडु के नए गायन टैलेंट की तलाश से जुड़े होंगे. कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO गौरव बनर्जी के मुताबिक, आज के दर्शक अलग-अलग भाषाओं और स्क्रीन पर आसानी से कंटेंट देखते हैं. इसी वजह से नेटवर्क हिंदी के साथ मराठी और तमिल में भी अपनी मौजूदगी बढ़ा रहा है. नए शो, पुराने लोकप्रिय फॉर्मेट और बड़े सितारों का यह मेल आने वाले फेस्टिव सीजन में दर्शकों के लिए काफी दिलचस्प हो सकता है.