रश्मिका मंदाना से अबतक नाराज हैं ऋषभ शेट्टी? विजय देवरकोंडा संग शादी के सवाल पर दिया ऐसा रिएक्शन की दंग रह गए लोग!

विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की उदयपुर में हुई शादी के बीच ऋषभ शेट्टी का एक वीडियो वायरल हो गया है. मीडिया के सवाल पर उनकी चुप्पी ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है.

Instagram
Babli Rautela

उदयपुर: विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की शादी जहां फैंस के लिए खुशी का मौका बनी हुई है, वहीं एक अलग वीडियो ने सोशल मीडिया पर हलचल बढ़ा दी है. यह वीडियो नेशनल अवॉर्ड विजेता एक्टर और डायरेक्टर ऋषभ शेट्टी का है, जिन्होंने शादी से जुड़े एक सवाल पर कोई जवाब नहीं दिया. 26 फरवरी को राजस्थान के खूबसूरत शहर उदयपुर में हुई इस निजी शादी में केवल करीबी लोग शामिल हुए. इसी बीच मंत्रालयम में आयोजित श्री राघवेंद्र गुरुवैभवोत्सव के समापन समारोह में शामिल हुए ऋषभ से मीडिया ने रश्मिका की शादी को लेकर सवाल पूछा.

इवेंट के दौरान पत्रकारों ने ऋषभ से उनके मंदिर दौरे और आने वाले प्रोजेक्ट्स पर बातचीत की. लेकिन जैसे ही एक रिपोर्टर ने पूछा कि क्या उन्हें रश्मिका की शादी का निमंत्रण मिला है, ऋषभ ने सीधे जवाब देने से परहेज किया. उन्होंने हल्की मुस्कान के साथ थैंक यू कहा और आगे बढ़ गए. इस छोटे से पल का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. कई यूजर्स उनकी चुप्पी को अलग अलग नजरिए से देख रहे हैं.

ऋषभ शेट्टी के रिएक्शन ने खींचा फैंस का ध्यान

ऋषभ शेट्टी का नाम इस चर्चा में इसलिए भी सामने आया क्योंकि उन्होंने रश्मिका की पहली कन्नड़ फिल्म Kirik Party का निर्देशन किया था. इसी फिल्म से रश्मिका को पहचान मिली थी. इसके अलावा रश्मिका की 2017 में Rakshit Shetty से सगाई हुई थी, जो ऋषभ के करीबी दोस्त माने जाते हैं. हालांकि एक साल बाद यह सगाई टूट गई थी. इसके बाद से समय समय पर बयान और इंटरव्यू चर्चा का कारण बनते रहे.

एक पुराने इंटरव्यू में रश्मिका ने अपने पूर्व मंगेतर के प्रोडक्शन हाउस का जिक्र जिस अंदाज में किया था, उसे लेकर काफी आलोचना हुई थी. बाद में ऋषभ ने भी कहा था कि वह नए लोगों के साथ काम करना पसंद करते हैं. कई लोगों ने इसे परोक्ष प्रतिक्रिया माना था.

जय हनुमान की घोषणा के बाद चर्चा

मंत्रालयम में ऋषभ का दौरा उनकी आने वाली फिल्म जय हनुमान की घोषणा के तुरंत बाद हुआ था. इस धार्मिक कार्यक्रम में वह विशेष अतिथि के रूप में पहुंचे थे. यहां उन्होंने अपने आध्यात्मिक जुड़ाव और भविष्य की योजनाओं पर बात की, लेकिन शादी के सवाल पर चुप्पी साध ली.

विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना ने अरावली की पहाड़ियों के बीच स्थित ITC Mementos Udaipur में पारंपरिक तेलुगु रीति रिवाज से शादी की. शाम को कोडवा परंपरा की रस्में भी निभाई गईं. हल्दी, संगीत, पूल पार्टी और फ्रेंडली क्रिकेट मैच जैसे कार्यक्रमों ने शादी के जश्न को खास बना दिया. कपल ने अपनी शादी को द वेडिंग ऑफ विरोश नाम दिया, जो उनके फैंस द्वारा दिया गया प्यार भरा नाम है.