उदयपुर: साउथ सिनेमा के जानें माने एक्टर विजय देवरकोंडा और पॉपुलर एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना की शादी के बाद एक खास पल ने फैंस का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. यह खास पल किसी और ने नहीं बल्कि विजय के छोटे भाई आनंद देवरकोंडा ने साझा किया. उदयपुर में 26 फरवरी को हुए पारंपरिक विवाह के बाद आनंद ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें वह नवविवाहित जोड़े के साथ मुस्कुराते नजर आ रहे हैं. इस तस्वीर के साथ उन्होंने जो संदेश लिखा, उसने लाखों लोगों का दिल छू लिया.
आनंद देवरकोंडा ने अपनी पोस्ट में रश्मिका को परिवार की नई वादिना कहकर संबोधित किया. तेलुगु भाषा में वादिना का अर्थ भाभी होता है. उन्होंने बताया कि शादी से पहले भी फैंस उनसे अक्सर मजाक में वादिना के बारे में पूछते थे. उस समय उन्हें समझ नहीं आता था कि वह क्या जवाब दें.
अब जब उनके भाई विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना आधिकारिक रूप से विवाह बंधन में बंध चुके हैं, तो आनंद ने खुले दिल से रश्मिका का स्वागत किया. उन्होंने लिखा कि उन्हें अपनी वादिना के रूप में सबसे पॉजिटिव और दयालु इंसान मिला है. उन्होंने दोनों के लिए जीवन भर मुस्कुराते रहने और साथ निभाने की कामना की.
यह शादी राजस्थान के खूबसूरत शहर उदयपुर में आयोजित की गई. समारोह को बेहद निजी रखा गया था, जिसमें केवल परिवार और करीबी मित्र शामिल हुए. शादी अरावली की पहाड़ियों के बीच स्थित ITC Mementos Udaipur में संपन्न हुई. शादी से पहले 23 फरवरी से ही जश्न की शुरुआत हो गई थी. तीन दिनों तक पारंपरिक रस्में सादगी और पारिवारिक माहौल में निभाई गईं. फैंस को इस शाही लेकिन सादगी भरे आयोजन की कुछ झलकियां ही देखने को मिलीं.
विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना को उनके फैंस प्यार से विरोश कहते हैं. शादी से कुछ दिन पहले दोनों ने ऐलान किया था कि उनकी शादी का नाम द वेडिंग ऑफ विरोश होगा. इस नाम ने सोशल मीडिया पर ट्रेंड भी किया. शादी की तस्वीरों में दोनों पारंपरिक परिधान में नजर आए. उनकी मुस्कान और सादगी ने फैंस का दिल जीत लिया. दोनों ने एक दूसरे के लिए भावुक संदेश भी साझा किए, जिसमें उन्होंने साथ निभाने और एक नई शुरुआत की बात कही.