टी20 वर्ल्ड कप फाइनल की क्लोजिंग सेरेमनी में इस हॉलीवुड सिंगर ने मचाया धमाल, ओह हो हो हो की गूंज से झूम उठा स्टेडियम

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल के बाद हुई क्लोजिंग सेरेमनी में इंटरनेशनल सिंगर रिकी मार्टिन की परफॉर्मेंस ने सभी का ध्यान खींच लिया. उन्होंने पंजाबी स्टार सुखबीर सिंह के मशहूर गाने ओह हो हो हो पर डांस कर स्टेडियम में जबरदस्त माहौल बना दिया.

Instagram
Babli Rautela

8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है. मैच जितना रोमांचक था उतनी ही शानदार उसकी क्लोजिंग सेरेमनी भी रही. स्टेडियम में हजारों दर्शक मौजूद थे और पूरी दुनिया की नजर इस फाइनल मुकाबले पर टिकी हुई थी. मैच खत्म होने के बाद आयोजित क्लोजिंग सेरेमनी ने भी दर्शकों को खूब एंटरटेन किया. इस सेरेमनी की सबसे बड़ी खासियत इंटरनेशनल पॉप स्टार रिकी मार्टिन की लाइव परफॉर्मेंस रही.

क्लोजिंग सेरेमनी के दौरान रिकी मार्टिन ने स्टेज पर आते ही माहौल बदल दिया. उन्होंने अपने मशहूर गानों के साथ शानदार परफॉर्मेंस दी. इस दौरान उन्होंने पंजाबी सिंगर सुखबीर सिंह के फेमस गाने ओह हो हो हो पर भी डांस किया. जैसे ही यह गाना बजा स्टेडियम में मौजूद हजारों लोग झूम उठे. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में रिकी मार्टिन सफेद टी शर्ट में स्टेडियम के बीचों बीच एनर्जेटिक अंदाज में डांस करते नजर आए. उनके आसपास मौजूद फैंस भी उनके साथ झूमते दिखाई दिए.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

रिकी मार्टिन की इस परफॉर्मेंस का वीडियो इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी शेयर किया गया. वीडियो सामने आते ही तेजी से वायरल हो गया. वीडियो देखकर फैंस ने भी जमकर अपना रिएक्शन साझा किया है. कई लोगों ने इसे शानदार पल बताया तो कई यूजर्स ने लिखा कि यह परफॉर्मेंस स्टेडियम को कॉन्सर्ट में बदल देने वाली थी. खास बात यह रही कि पंजाबी सिंगर सुखबीर सिंह ने भी इस वीडियो पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कमेंट करते हुए लिखा कि अले अले अले और ओह हो हो हो का शानदार मेल.

सुखबीर सिंह ने गाने से शुरू किया म्यूजिक सेगमेंट

क्लोजिंग सेरेमनी के म्यूजिकल सेगमेंट की शुरुआत सुखबीर सिंह ने की. उन्होंने अपने सुपरहिट गाने ओह हो हो हो से स्टेज पर आग लगा दी. जैसे ही गाना शुरू हुआ पूरा स्टेडियम झूमने लगा. इसके बाद रिकी मार्टिन स्टेज पर आए और उन्होंने अपनी एनर्जेटिक परफॉर्मेंस से माहौल को और भी खास बना दिया. बाद में उनका एक और वीडियो वायरल हुआ जिसमें वह सुखबीर के दूसरे लोकप्रिय गाने इश्क तेरा तड़पावे पर भी डांस करते नजर आए.

इस शानदार सेरेमनी में फाल्गुनी पाठक ने भी अपनी परफॉर्मेंस दी. उनके गानों ने स्टेडियम के माहौल को और ज्यादा खुशनुमा बना दिया. फाल्गुनी पाठक सुखबीर सिंह और रिकी मार्टिन की परफॉर्मेंस ने मिलकर इस क्लोजिंग सेरेमनी को यादगार बना दिया. क्रिकेट और म्यूजिक का यह अनोखा संगम दर्शकों के लिए किसी बड़े कॉन्सर्ट से कम नहीं था.