टीजर रिलीज से पहले ही लीक हुआ रणबीर कपूर का 'प्रभु राम' लुक? वायरल फोटो देख फैंस में बड़ी हलचल
रामायण के टीजर से पहले रणबीर कपूर का भगवान राम वाला लुक सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. हालांकि फैंस का कहना है कि यह तस्वीर नकली और AI से बनाई गई है.
मुंबई: रामायण के टीजर का इंतजार फैंस लंबे समय से कर रहे हैं. खबर है कि यह टीजर 2 अप्रैल को रिलीज होने वाला है और इसमें रणबीर कपूर का भगवान राम के रूप में पहला लुक दिखाया जाएगा. लेकिन टीजर से पहले ही सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हो गई, जिसने फैंस के बीच हलचल मचा दी. दावा किया जा रहा था कि यह फिल्म से रणबीर का लुक है. हालांकि, जैसे ही यह तस्वीर वायरल हुई, लोगों ने इसकी सच्चाई पर सवाल उठाने शुरू कर दिए.
सोशल मीडिया यूजर्स ने इस वायरल तस्वीर को ध्यान से देखा और तुरंत अपनी राय रखनी शुरू कर दी. कई फैंस का कहना है कि यह असली तस्वीर नहीं है, बल्कि किसी पुरानी फिल्म की फोटो को एडिट करके बनाया गया है. कुछ लोगों ने दावा किया कि यह तस्वीर रणबीर की फिल्म एनिमल के गाने से ली गई है, जबकि कुछ ने कहा कि यह उनकी फिल्म तू झूठी मैं मक्कार की फोटो को बदलकर बनाई गई है. कई यूजर्स ने साफ कहा कि यह एक AI से बनाई गई इमेज है, जिसका फिल्म से कोई लेना देना नहीं है.
AI तस्वीरों का बढ़ता ट्रेंड
आजकल सोशल मीडिया पर AI से बनी तस्वीरों का चलन तेजी से बढ़ रहा है. किसी भी स्टार का लुक बनाकर वायरल करना अब बहुत आसान हो गया है. यही वजह है कि इस तरह की तस्वीरों पर तुरंत भरोसा करना मुश्किल हो गया है. रामायण जैसी बड़ी फिल्म को लेकर लोगों की उत्सुकता इतनी ज्यादा है कि इस तरह की फर्जी तस्वीरें भी तेजी से फैल जाती हैं.
हाल ही में अमेरिका में हुए एक इवेंट के दौरान रणबीर कपूर ने इस फिल्म को लेकर अपनी सोच साझा की थी. उन्होंने बताया कि शुरुआत में उन्होंने इस फिल्म को करने से मना कर दिया था, क्योंकि उन्हें लगा था कि वह इस किरदार के लिए पूरी तरह योग्य नहीं हैं. उनका मानना था कि भगवान राम जैसा किरदार निभाना बहुत बड़ी जिम्मेदारी है, जिसके लिए सिर्फ एक्टिंग ही नहीं बल्कि भावनात्मक जुड़ाव भी जरूरी है.
दमदार स्टार कास्ट से सजी फिल्म
रामायण में कई बड़े कलाकार नजर आने वाले हैं. इस फिल्म में साई पल्लवी सीता के किरदार में दिखेंगी, जबकि यश रावण का रोल निभाएंगे. इसके अलावा रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल हनुमान के रूप में नजर आएंगे. इतनी बड़ी स्टार कास्ट के साथ यह फिल्म पहले से ही चर्चा में बनी हुई है.