'ब्लाउज नहीं होता तो भी...', सीता के लुक पर उठे विवाद पर क्या बोलीं रामायण एक्ट्रेस?

रामायण के ट्रेलर में सीता और कैकेयी के कॉस्ट्यूम को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है. ट्रोलिंग के बीच अभिनेत्री सुरभि दास ने कहा कि किसी भी बड़े प्रोजेक्ट में हर दर्शक को संतुष्ट करना संभव नहीं होता.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म रामायण का ट्रेलर सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा तेज हो गई है. जहां कई दर्शक फिल्म के भव्य दृश्य और प्रस्तुति की सराहना कर रहे हैं, वहीं कुछ लोगों ने इसमें सीता और कैकेयी के परिधानों पर सवाल उठाए हैं. इस विवाद के बीच फिल्म में श्रुतकीर्ति का किरदार निभा रहीं अभिनेत्री सुरभि दास ने पहली बार अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने दर्शकों से पूरी फिल्म देखने के बाद राय बनाने की अपील की.

ट्रेलर रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने सीता की भूमिका निभा रहीं साई पल्लवी और कैकेयी बनीं लारा दत्ता के परिधानों पर सवाल उठाए. आलोचकों का कहना है कि दोनों कलाकारों का लुक आधुनिक दिखाई देता है और यह त्रेता युग की पृष्ठभूमि से मेल नहीं खाता. इसी वजह से फिल्म का कॉस्ट्यूम चर्चा का विषय बन गया.

सुरभि दास ने ट्रोलिंग पर दिया जवाब

एक इंटरव्यू में सुरभि दास ने कहा कि किसी भी बड़ी फिल्म के हर फैसले पर अलग-अलग राय आना स्वाभाविक है. उनके मुताबिक हर दर्शक की सोच अलग होती है, इसलिए हर किसी को संतुष्ट करना संभव नहीं है. उन्होंने कहा कि दर्शकों को किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पूरी फिल्म का इंतजार करना चाहिए.


ब्लाउज पर भी रखी अपनी बात

सुरभि ने कहा कि यदि फिल्म में सीता को ब्लाउज नहीं पहनाया जाता तो भी लोग सवाल उठाते. अब ब्लाउज पहनाया गया है तो भी विवाद हो रहा है. उनका मानना है कि किसी भी प्रस्तुति में कुछ लोग कमियां निकालेंगे ही. इसलिए केवल ट्रेलर देखकर पूरी फिल्म का आकलन करना उचित नहीं होगा.

बड़े प्रोजेक्ट पर रहती हैं बड़ी उम्मीदें

अभिनेत्री का कहना है कि रामायण बेहद बड़े स्तर पर बनाई जा रही फिल्म है. दर्शकों की उम्मीदें भी इससे काफी ज्यादा हैं. ऐसे में हर छोटे फैसले पर चर्चा होना स्वाभाविक है. उन्होंने विश्वास जताया कि सिनेमाघरों में पूरी फिल्म देखने के बाद दर्शकों को मेकर्स की सोच और प्रस्तुति बेहतर तरीके से समझ आएगी.

कॉस्ट्यूम डिजाइनर्स भी कर चुके हैं बचाव

सुरभि दास से पहले फिल्म के कॉस्ट्यूम डिजाइनर्स रिम्पल और हरप्रीत नरूला भी इस विवाद पर प्रतिक्रिया दे चुके हैं. उनका कहना था कि ट्रेलर के कुछ दृश्यों के आधार पर पूरी फिल्म का मूल्यांकन नहीं किया जाना चाहिए. उन्होंने भी दर्शकों से पूरी फिल्म देखने के बाद अंतिम राय बनाने की अपील की.