नई दिल्ली: रणबीर कपूर की आने वाली फिल्म 'रामायण' को लेकर लोगों में एक अलग ही उत्साह है. ये सिर्फ मूवी में बड़े दिग्गजों को एक साथ देखने का ही क्रेज नहीं है, बल्कि एक इमोशनल कनेक्शन भी है. कुछ ही समय पहले रामायण मूवी का ट्रेलर सामने आया था, जिसके बाद लोग बाकी किरादरों को देखने के लिए भी काफी उत्सुक थे. अब मूवी के निर्देशक नितेश तिवारी ने एक और पोस्ट जारी किया है, जिसमें अनुपम खेर का लुक रिवील किया है.
बता दें कि दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर जटायु के किरदार अपनी आवाज देते नजर आएंगे. फिल्म के निर्माताओं ने जटायु का नया पोस्टर जारी करके इस बात की जानकारी दी है. इस घोषणा के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ गई है. चलिए जानते हैं कि जटायु के किरदार में क्या होगा खास.
जैसा कि सभी जानते हैं कि जटायु ने माता सीता को रावण से बचाने के लिए उससे मुकाबला किया था. रावण शक्तिशाली होने के बावजूद जटायु बिना अपनी जान की परवाह किए सीता की रक्षा करने की कोशिश करते हैं. जटायु का किरदार साहस, धर्म और दूसरों की रक्षा के लिए खड़े होने का प्रतीक माना जाता है. फिल्म के पोस्टर में जटायु को विशाल पंखों और प्रभावशाली रूप में दिखाया गया है. अनुपम खेर की आवाज इस किरदार को किस तरह जीवंत बनाएगी, यह देखना दिलचस्प होगा.
फिल्म के निर्माताओं के अनुसार, 'रामायण पार्ट 1' दुनियाभर के सिनेमाघरों में 5 नवंबर 2026 को रिलीज होने वाली है. फिल्म को कई प्रीमियम फॉर्मेट में दिखाने की योजना है. निर्माताओं ने दशहरे के दिन एडवांस बुकिंग शुरू करने की भी घोषणा की है. बता दें कि यह फिल्म भारतीय महाकाव्य रामायण की कहानी को बड़े पर्दे पर भव्य अंदाज में पेश करने की कोशिश है. फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स पर भी विशेष काम किया जा रहा है.
'रामायण' में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं. साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आएंगी, जबकि यश रावण की भूमिका निभाएंगे. सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण का किरदार निभाते दिखाई देंगे. बता दें कि फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं.
निर्माताओं ने इस फिल्म को दो भागों में बनाने की योजना तैयार की है. पहला भाग नवंबर 2026 में रिलीज होने वाला है, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 के आसपास सिनेमाघरों में लाने की योजना है. फिल्म को हिंदी के साथ तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में भी रिलीज करने की योजना है. ऐसे में फिल्म को देशभर के दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी है.