क्या 'रामायण' के डायरेक्टर नमित मल्होत्रा उड़ा रहे हैं 'आदिपुरुष' के डायरेक्टर का मजाक? सामने आया वायरल पोस्ट का सच
'रामायण' के ट्रेलर रिलीज के बाद नमित मल्होत्रा के नाम से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुआ, जिसमें ओम राउत पर तंज कसने का दावा किया गया. लेकिन जांच में यह पोस्ट फर्जी निकला. जानिए क्या है पूरा मामला.
नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण पार्ट 1' का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसकी जमकर चर्चा शुरू हो गई. ट्रेलर के भव्य विजुअल्स, वीएफएक्स और स्टारकास्ट को लेकर दर्शकों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं. इसी बीच इंटरनेट पर एक पोस्ट तेजी से वायरल होने लगा, जिसे फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा के नाम से शेयर किया जा रहा है.
इस वायरल पोस्ट में दावा किया गया कि नमित मल्होत्रा ने 'आदिपुरुष' के निर्देशक ओम राउत पर तंज कसते हुए देशभर के थिएटर मालिकों से हर थिएटर में उनके सम्मान में एक सीट रिजर्व रखने की अपील की है. पोस्ट वायरल होते ही सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई. लेकिन क्या यह दावा सच है? आइए जानते हैं.
क्या है वायरल पोस्ट?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित पोस्ट में लिखा है कि, "रामायण के मेकर्स की ओर से मैं देशभर के सभी थिएटरों से अनुरोध करता हूं कि वे हमारे देश के महान निर्देशक सर ओम राउत के सम्मान में एक सीट रिजर्व रखें." इस पोस्ट के अंत में नमित मल्होत्रा का नाम भी लिखा गया है. कई यूजर्स ने इसे असली पोस्ट मानते हुए शेयर किया और दावा किया कि यह 'आदिपुरुष' को लेकर ओम राउत पर व्यंग्य है.
Also Read
फैक्ट चेक में निकला फर्जी
जब इस वायरल पोस्ट की जांच की गई तो पता चला कि नमित मल्होत्रा के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर ऐसा कोई पोस्ट मौजूद नहीं है. न ही उनकी प्रोडक्शन कंपनी की ओर से इस तरह का कोई बयान जारी किया गया है. यानी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह पोस्ट पूरी तरह फर्जी (Fake) है. इसे एडिट करके या नकली स्क्रीनशॉट के रूप में फैलाया गया है. इसलिए इस दावे पर भरोसा नहीं किया जा सकता.
दरअसल, साल 2023 में जब 'आदिपुरुष' रिलीज हुई थी, तब निर्देशक ओम राउत ने थिएटर मालिकों और प्रोड्यूसर्स से अपील की थी कि हर थिएटर में भगवान हनुमान के लिए एक सीट खाली छोड़ी जाए. उस समय यह फैसला काफी चर्चा में रहा था. अब उसी घटना का हवाला देते हुए किसी शरारती सोशल मीडिया यूजर ने नमित मल्होत्रा के नाम से फर्जी पोस्ट तैयार कर दिया, ताकि ऐसा लगे कि 'रामायण' की टीम ओम राउत का मजाक उड़ा रही है. हालांकि, इस दावे की पुष्टि करने वाला कोई आधिकारिक बयान या सोशल मीडिया पोस्ट मौजूद नहीं है.
'आदिपुरुष' को क्यों झेलनी पड़ी थी आलोचना?
प्रभास, कृति सेनन और सैफ अली खान स्टारर 'आदिपुरुष' रिलीज के बाद विवादों में घिर गई थी. फिल्म के वीएफएक्स, संवाद, कुछ किरदारों की प्रस्तुति और रामायण की व्याख्या को लेकर दर्शकों और फिल्म समीक्षकों ने तीखी आलोचना की थी. हालांकि फिल्म ने शुरुआती दिनों में अच्छी कमाई की, लेकिन अपने बड़े बजट के मुकाबले इसका प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका. यही वजह है कि आज भी सोशल मीडिया पर इसकी तुलना नई रामायण आधारित फिल्मों से की जाती है.