फुटबॉल जगत को बड़ा झटका, इस महान डिफेंडर का हुआ निधन; शोक में डूबे फुटबॉल फैंस

इटली और एसी मिलान के महान फुटबॉलर फ्रेंको बारेसी का 66 साल की आयु में निधन हो गया. उनके जाने से फुटबॉल जगत में शोक की लहर है. एसी मिलान ने उन्हें अपनी सबसे बड़ी विरासत बताया.

X (@ActualiteSerieA)
Meenu Singh

विश्व फुटबॉल के सबसे महान डिफेंडर्स में गिने जाने वाले फ्रेंको बारेसी अब इस दुनिया में नहीं रहे. 66 साल की आयु में उनका निधन हो गया. उनके  निधन की खबर ने खेल प्रेमियों को गहरा दुख पहुंचाया है. लंबे समय से खराब स्वास्थ्य से जूझ रहे बारेसी ने 2025 में फेफड़े की गांठ की सर्जरी भी करवाई थी. उनके निधन के बाद एसी मिलान सहित दुनिया भर के फुटबॉल प्रशंसक उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं.

एसी मिलान ने भावुक संदेश किया जारी

फ्रेंको बारेसी के निधन के बाद एसी मिलान ने आधिकारिक बयान जारी कर उन्हें क्लब की सबसे बड़ी पहचान बताया. क्लब ने कहा कि उनकी ईमानदारी, नेतृत्व और समर्पण हमेशा एसी मिलान की संस्कृति का हिस्सा रहेंगे. उनकी प्रतिष्ठित नंबर 6 जर्सी आज भी उनकी महान विरासत की याद दिलाती है. क्लब ने उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना भी व्यक्त की.

शानदार करियर से रचा इतिहास

फ्रेंको बारेसी ने अपने पूरे पेशेवर करियर में एसी मिलान की जर्सी पहनकर 716 मुकाबले खेले. उनकी मजबूत रक्षात्मक शैली और कप्तानी ने क्लब को कई ऐतिहासिक सफलताएं दिलाईं. वह मार्को वैन बास्टेन, फ्रैंक रिजकार्ड और रुड गुलिट जैसे महान खिलाड़ियों के साथ खेले और यूरोपीय फुटबॉल में अपनी अलग पहचान बनाई.


चैंपियंस लीग और विश्व कप में चमके

1989 से 1995 के बीच बारेसी ने पांच चैंपियंस लीग फाइनल खेले, जो अपने आप में बड़ी उपलब्धि रही. उन्होंने 1977 78 सत्र में एसी मिलान के लिए पदार्पण किया था. इसके बाद 1982 में इटली की विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा बने. उनके करियर ने कई पीढ़ियों के खिलाड़ियों को प्रेरित किया.

क्लब के प्रति निभाई अटूट निष्ठा

अपने करियर के दौरान यूरोप के कई बड़े क्लबों ने उन्हें अपने साथ जोड़ने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने एसी मिलान नहीं छोड़ा. संन्यास के बाद क्लब ने उनकी नंबर 6 जर्सी को हमेशा के लिए रिटायर कर दिया और उन्हें उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी. उनका जीवन निष्ठा, नेतृत्व और समर्पण की मिसाल बनकर हमेशा याद किया जाएगा.