लखनऊ: राजाजीपुरम से बीबीडी तक कल से दौड़ेंगी एसी ई-बसें, 3 हजार लोगों को फायदा
लखनऊ सिटी ट्रांसपोर्ट सेवा इस रूट पर 15 एसी इलेक्ट्रिक बसें चलाएगा. बसों का संचालन हर दिन सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक रहेगा. यात्रियों को हर 30 से 45 मिनट में बस मिल सकेगी. इस मार्ग पर कुल 12 बस स्टॉप बनाए गए हैं.
लखनऊ: लखनऊ के यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. 1 अगस्त से राजाजीपुरम बस स्टेशन से बीबीडी तक नई एसी इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू हो रही है. इस सेवा से पढ़ने वाले विद्यार्थी, नौकरीपेशा लोग और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को खासी राहत मिलेगी.
लखनऊ सिटी ट्रांसपोर्ट सेवा इस रूट पर 15 एसी इलेक्ट्रिक बसें चलाएगा. बसों का संचालन हर दिन सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक रहेगा. यात्रियों को हर 30 से 45 मिनट में बस मिल सकेगी. इस मार्ग पर कुल 12 बस स्टॉप बनाए गए हैं.
क्यों शुरू की गई नई सेवा?
पहले मार्ग संख्या-7 पर बसें चलती थीं, लेकिन यात्रियों की संख्या कम होने और मेट्रो रूट से overlap की वजह से उसे बंद कर दिया गया था. अब नया रूट तैयार किया गया है जो मेट्रो से अलग इलाकों को जोड़ता है. इससे शहर के पश्चिमी हिस्से (राजाजीपुरम) से पूर्वी क्षेत्र (बीबीडी, गोमतीनगर) तक जाना आसान हो जाएगा.
Also Read
अधिकारियों के अनुसार इस नई सेवा से रोजाना करीब 3 हजार यात्रियों को फायदा होगा. बसें modern, एसी वाली और पर्यावरण अनुकूल इलेक्ट्रिक हैं, इसलिए यात्रा आरामदायक और सस्ती भी रहेगी.
किराया इतना होगा
चारबाग : 15 रुपये
जीपीओ, जवाहर भवन, सिकंदरबाग : 20 रुपये
बालू अड्डा : 25 रुपये
लोहिया पार्क, बीबीडी एकेडमी : 30 रुपये
दयाल पैराडाइज, पत्रकारपुरम : 35 रुपये
गोमतीनगर हैनीमैन, कठौता झील : 40 रुपये
मटियारी तिराहा, बीबीडी कॉलेज : 45 रुपये
विद्यार्थियों और आम लोगों को फायदा
यह सेवा खासतौर पर उन विद्यार्थियों के लिए उपयोगी साबित होगी जो राजाजीपुरम, चारबाग क्षेत्र से बीबीडी, गोमतीनगर की तरफ पढ़ने जाते हैं. साथ ही दफ्तर जाने वाले लोग भी समय की बचत कर सकेंगे. एसी बसों में गर्मी से राहत मिलेगी और सफर ज्यादा आरामदायक होगा.
डिपो अधिकारी का बयान
दुबग्गा सिटी बस डिपो के एआरएम डीके गर्ग ने बताया कि नई बसें समय पर चलेंगी और यात्रियों को बेहतर सुविधा दी जाएगी. लखनऊ सिटी ट्रांसपोर्ट का लक्ष्य है कि शहर में पब्लिक ट्रांसपोर्ट को और बेहतर बनाया जाए ताकि लोग अपनी निजी गाड़ियों के बजाय बसों का इस्तेमाल करें.