Puducherry Assembly Election 2026 US Israel Iran War

तिहाड़़ से बाहर निकलते ही राजपाल यादव करने लगे डांस, वीडियो में देखें सलमान के गाने पर कहां जमाया रंग?

तिहाड़ जेल से अंतरिम राहत मिलने के बाद राजपाल यादव भतीजी की शादी में शामिल हुए. मेहंदी समारोह में उन्होंने सलमान खान के गाने तेरी चुनरिया पर डांस किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

X (@newskaichi)
Babli Rautela

मुंबई: बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव इन दिनों फिर चर्चा में हैं. तिहाड़ जेल से अंतरिम राहत मिलने के बाद वह सीधे अपनी भतीजी की शादी में पहुंचे. शादी से पहले हुए मेहंदी समारोह में उनका डांस वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि भतीजी की शादी 19 फरवरी को है. इसके लिए उन्होंने अदालत से जमानत की मांग की थी. रिहाई के बाद जैसे ही वह पारिवारिक समारोह में पहुंचे, माहौल खुशी से भर गया.

वायरल वीडियो में राजपाल यादव गोल्डन रंग की धोती कुर्ता पहने नजर आ रहे हैं. बैकग्राउंड में फिल्म हैलो ब्रदर्स का मशहूर गाना तेरी चुनरिया बज रहा है, जिसमें सलमान खान नजर आए थे. उसी गाने पर राजपाल अपने परिवार के साथ जमकर डांस करते दिख रहे हैं.

रिहाई के बाद राजपाल यादव का डांस वीडियो

वीडियो में उनके चेहरे पर साफ दिख रहा है कि वह इस खास मौके को पूरी तरह एंजॉय कर रहे हैं. फैंस भी सोशल मीडिया पर उनके डांस की तारीफ कर रहे हैं और उन्हें खुश देखकर राहत जता रहे हैं. जेल से बाहर आने के बाद मीडिया से बात करते हुए राजपाल यादव ने कहा कि उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में काम करते हुए करीब 30 साल हो गए हैं. उन्होंने देश की जनता का आभार जताया और कहा कि लोगों के समर्थन से ही वह इतनी फिल्मों में काम कर पाए हैं.

उन्होंने बताया कि मामला 2012-13 के दौरान शुरू हुआ था. 2026 तक वह करीब 250 फिल्मों में काम कर चुके हैं. उन्होंने कहा कि अदालत के आदेशों का उन्होंने हमेशा पालन किया है और आगे भी करते रहेंगे. साथ ही कोर्ट का धन्यवाद भी किया कि उनकी बात सुनी गई.

किस चक्कर में फंसे थे राजपाल यादव

दिल्ली हाई कोर्ट ने चेक बाउंस मामलों में राजपाल यादव की सजा पर अंतरिम निलंबन दिया है. न्यायमूर्ति स्वर्ण कांता शर्मा की पीठ ने 18 मार्च तक उनकी रिहाई का आदेश दिया. यह फैसला शिकायतकर्ता कंपनी के खाते में 1.5 करोड़ रुपये जमा होने की जानकारी के बाद आया.

अब इस मामले की अगली सुनवाई 18 मार्च को होगी. तब तक राजपाल यादव हिरासत से बाहर रहेंगे. अदालत के इस फैसले के बाद वह सीधे अपने परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल हुए.