मुंबई: बॉलीवुड के चर्चित फिल्मेकर प्रकाश झा आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं. 74 साल की उम्र पार कर चुके इस निर्देशक का फिल्मों के प्रति जुनून आज भी कम नहीं हुआ है. राजनीति और सामाजिक विषयों पर आधारित फिल्मों के लिए पहचाने जाने वाले प्रकाश झा की निजी जिंदगी भी कम दिलचस्प नहीं रही. एक बातचीत में प्रकाश झा ने अपनी मां से जुड़ी यादें साझा की थीं. उन्होंने बताया कि जब उनका जन्म हुआ तब उनकी मां सिर्फ 16 साल की थीं. कम उम्र में मां बनने के बावजूद उनका व्यक्तित्व बेहद मजबूत और बेबाक था.
प्रकाश झा ने कहा था कि उनकी मां देसी अंदाज की थीं और किसी बात को कहने में झिझकती नहीं थीं. अगर उन्हें लगता कि बेटा गलत रास्ते पर जा रहा है तो वह सीधे और सख्त तरीके से समझाती थीं.
प्रकाश झा ने एक दिलचस्प किस्सा सुनाया था. उन्होंने बताया कि जब उन्हें सिगरेट पीने की आदत लग गई थी तो उनकी मां ने इसे सुधारने के लिए अलग तरीका अपनाया. वह खुद सिगरेट पीने के लिए माचिस मांग लेती थीं ताकि बेटे को शर्म महसूस हो और वह अपनी आदत छोड़ दे. यह उनका देसी लेकिन असरदार तरीका था. मां का यह व्यवहार प्रकाश झा के मन पर गहरा असर छोड़ गया. उन्होंने माना कि मां का यह अंदाज सख्त जरूर था, लेकिन उसमें बेटे के लिए चिंता और प्यार छिपा था.
1952 में बिहार में जन्मे प्रकाश झा का अपने पिता से भी गहरा जुड़ाव रहा है. उनके पिता पढ़े लिखे और समझदार व्यक्ति थे. प्रकाश झा ने बताया था कि वह आज भी पटना में रहते हैं और उनसे दिन में दो से तीन बार बात हो जाती है. उनके पिता आज भी मेडिटेशन करते हैं और अनुशासित जीवन जीते हैं. प्रकाश झा मानते हैं कि उनके व्यक्तित्व में जो संतुलन और धैर्य है, वह काफी हद तक पिता से मिला है.
स्कूल की पढ़ाई के बाद प्रकाश झा दिल्ली आए और कॉलेज की शिक्षा पूरी की. फिल्मों का सपना उन्हें मुंबई ले आया. यहां उन्होंने अपने विजन के साथ सिनेमा में कदम रखा और अलग पहचान बनाई. उन्होंने अब तक 38 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है. सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर आधारित उनकी फिल्मों ने दर्शकों को सोचने पर मजबूर किया है.