IPL 2026

अस्पताल में भर्ती आशा भोसले को लेकर PM मोदी ने जताई चिंता, की जल्द ठीक होने की कामना

मशहूर सिंगर आशा भोसले की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके जल्द ठीक होने की कामना की है और देश भर में उनके लिए दुआओं का सिलसिला जारी है.

X
Babli Rautela

मुंबई: भारतीय संगीत जगत की दिग्गज गायिका आशा भोसले को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस खबर के सामने आते ही उनके चाहने वालों और फिल्म इंडस्ट्री में चिंता का माहौल बन गया है. 7 दशकों से ज्यादा लंबे करियर वाली इस महान गायिका की तबीयत को लेकर हर कोई अपडेट जानना चाहता है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी आशा भोसले के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई है. उन्होंने सोशल मीडिया पर संदेश साझा करते हुए उनके जल्द ठीक होने और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की. उनके इस संदेश के बाद देश भर के लोगों ने भी दुआओं का सिलसिला तेज कर दिया है.

परिवार ने दी स्वास्थ्य की जानकारी

आशा भोसले की पोती जनाई भोसले ने सोशल मीडिया के जरिए उनकी तबीयत को लेकर जानकारी दी. उन्होंने बताया कि गायिका को अत्यधिक थकान और सीने में संक्रमण की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल उनका इलाज चल रहा है और हालत स्थिर है.

फैंस और इंडस्ट्री में दुआओं का दौर

इस खबर के बाद सोशल मीडिया पर फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकारों ने चिंता जताई है. हर कोई उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहा है. आशा भोसले के चाहने वालों की संख्या देश ही नहीं बल्कि दुनिया भर में है और यही वजह है कि उनकी तबीयत की खबर तेजी से फैल गई.

पिछले साल नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आशा भोसले ने उनके लिए एक खास संदेश भी साझा किया था. उस संदेश में उन्होंने प्रधानमंत्री के अनुशासन और काम के प्रति समर्पण की जमकर तारीफ की थी. उन्होंने कहा था कि देश को संभालना आसान नहीं है और पीएम मोदी इसे बेहद मेहनत और लगन से निभा रहे हैं.