मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा और उनके पति, राजनेता राघव चड्ढा अब पूरे जोश के साथ पैरेंटहुड का मजा ले रहे हैं. परिणीति अक्सर सोशल मीडिया पर अपनी नई मां वाली जिंदगी की झलकियां शेयर करती रहती हैं. हाल ही में उन्होंने अपने बेटे नीर के लिए तैयार की गई बेहद खूबसूरत और शांत नर्सरी की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर पोस्ट कीं.
इस पोस्ट में उन्होंने नर्सरी के पीछे की सोच और इसे बनाने में लगाए प्यार को भी विस्तार से बताया है. परिणीति ने कैप्शन में लिखा- 'नीर के लिए हमारा छोटा सा सुरक्षा का स्थान. पहली बार माता-पिता बनने के नाते हम चाहते थे कि नर्सरी में कदम रखते ही शांति और ध्यान की अनुभूति हो. नरम धूप, ठंडी हवा, हल्के रंग और एक क्लासिक, शांत लुक जो हम दोनों की पर्सनैलिटी से मैच करता हो. शुरुआती महीनों में हमने इसे ज्यादा रंग-बिरंगा या शोर-शराबे वाला नहीं बनाया. रंग और हलचल तो दो महीने बाद आएंगे. पहले कुछ दिनों के लिए बस गर्मजोशी, हीलिंग एनर्जी और वो जगह जहां हम तीनों (परिणीति, राघव और नीर) साथ में आराम से रह सकें.
बैकग्राउंड में शांत भजन बजते रहें, खिड़की से आती हल्की हवा हमें घेरे हुए - यही हमारा प्यार है. (और वो कमाल का व्यू!) प्यार और शांति, परिणीति और राघव.' यह नर्सरी देखकर साफ लगता है कि परिणीति और राघव ने इसे बहुत सोच-समझकर डिजाइन किया है. कमरे में सॉफ्ट लाइटिंग, न्यूट्रल और हल्के रंगों का इस्तेमाल, क्लासिक फर्नीचर और कुछ विंटेज कार आर्टवर्क जैसे खास टच दिए गए हैं.
क्रिब पर हैंगिंग टॉयज, कस्टमाइज्ड बेडशीट पर नीर का नाम और एक आरामदायक वाइब जो नए माता-पिता और बच्चे के लिए परफेक्ट है. उन्होंने इसे पोस्टपार्टम पीरियड के लिए हीलिंग स्पेस के रूप में तैयार किया है, जहां परिवार बिना किसी डिस्ट्रैक्शन के साथ समय बिता सके. इसके अलावा 21 फरवरी को परिणीति ने अपनी विंटर ट्रिप की कुछ यादें शेयर की थीं. दिल्ली, दुबई और अंबाला की यात्रा के दौरान उन्होंने बेबी नीर के साथ बिताए पलों की तस्वीरें पोस्ट कीं, हालांकि बच्चे का चेहरा प्राइवेसी के लिए छिपाया गया.
'पीसी जूनियर' के नाम से मशहूर नीर के स्टाइलिश BMW स्ट्रॉलर, दिल्ली के गार्डन में सुबह की शांत तस्वीरें, ट्रैवल बैग में उसके छोटे-छोटे कपड़े और खिलौने - ये सब देखकर फैंस काफी खुश हुए. एक फोटो में परिणीति और राघव की डेट नाइट का भी जिक्र था. परिणीति ने इसे 'रैंडम टिडबिट्स' का कलेक्शन बताया, जो उनकी रोजमर्रा की जिंदगी की झलक देता है.
परिणीति का यह तरीका फैंस को बहुत पसंद आ रहा है. वे अपनी मदरहुड जर्नी को इतने खुले दिल से शेयर कर रही हैं कि हर पोस्ट में प्यार और केयर साफ झलकता है. नीर के लिए बनाई यह शांत नर्सरी न सिर्फ बच्चे के लिए बल्कि पूरे परिवार के लिए एक प्यारा सा कोना बन गई है.