T20 World Cup 2026

Paresh Rawal Birthday: कभी ‘हेरा फेरी’ के लिए अखबार पर सोया करते थे परेश रावल, फिर क्यों छोड़ा फिल्म का साथ?

Paresh Rawal Birthday: आज 30 मई 2025 को बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर परेश रावल अपना 70वां जन्मदिन मना रहे हैं. इस मौके पर उनकी आइकॉनिक फिल्म ‘हेरा फेरी’ फिर से चर्चा में है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस फिल्म की शूटिंग के दौरान परेश और बाकी कलाकारों ने कितनी मेहनत की थी?  

Social Media
Babli Rautela

Paresh Rawal Birthday: बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर परेश रावल आज 30 मई 2025 को अपना 70वां जन्मदिन मना रहे हैं. इस मौके पर उनकी आइकॉनिक फिल्म ‘हेरा फेरी’ फिर से चर्चा में है. हालांकि, परेश रावल ने ‘हेरा फेरी 3’ से खुद को अलग कर लिया है, जिससे फैंस निराश हैं. उनके बिना यह फिल्म अधूरी-सी लग रही है. परेश के किरदार ‘बाबूराव’ ने इस फिल्म में हास्य की ऐसी छाप छोड़ी कि आज भी लोग उनके डायलॉग्स दोहराते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस फिल्म की शूटिंग के दौरान परेश और बाकी कलाकारों ने कितनी मेहनत की थी?  

‘हेरा फेरी’ के 20 साल पूरे होने पर सुनील शेट्टी ने एक इंटरव्यू में फिल्म की सफलता का राज बताया था. उन्होंने कहा, 'इस फिल्म की सबसे बड़ी खासियत थी इसकी सादगी. हर किरदार की अपनी समस्याएं थीं, और उनमें हास्य ऐसा था कि दर्शक हंसते-हंसते लोटपोट हो जाते थे. एक्शन हीरो जैसे अक्षय और मैं कॉमेडी कर रहे थे, और परेश रावल जैसे बाबू भाई हमें कंट्रोल करते थे. प्रियदर्शन का डायरेक्शन, शानदार स्क्रिप्ट और पूरी टीम की मेहनत ने इसे यादगार बनाया.'  

अखबार पर सोते थे परेश रावल

सुनील शेट्टी ने शूटिंग के दिनों को याद करते हुए बताया, 'हम सुबह सेट पर पहुंचते थे. कॉस्ट्यूम बिना प्रेस किए मिलते थे. प्रियदर्शन हमें दोपहर में अखबार पर सोने को कहते थे. उनका कहना था, ‘मैं नहीं चाहता कि तुम आराम करो. तुम्हें असहज रहना है.’ हम अखबार पर ही सो जाते थे.' इस अनोखे तरीके ने किरदारों को जीवंत बनाने में मदद की.  

सुनील ने यह भी खुलासा किया कि फिल्म में कोई मेकअप नहीं किया गया. 'हम तीनों—मैं, अक्षय और परेश जी—लगातार साथ रहते थे. हम अपने डायलॉग्स का अभ्यास करते, उन्हें बेहतर करते थे. प्रियदर्शन सर को पता था कि सही समय पर ‘कट’ कहना है.' इस मेहनत का नतीजा था कि ‘हेरा फेरी’ दर्शकों के दिलों में बस गई.  

‘हेरा फेरी 3’ से क्यों हटे परेश?

परेश रावल ने ‘हेरा फेरी’ और इसके सीक्वल ‘फिर हेरा फेरी’ (2006) में बाबूराव के किरदार को अमर कर दिया. लेकिन अब वे ‘हेरा फेरी 3’ का हिस्सा नहीं हैं. सूत्रों के मुताबिक, परेश इस किरदार की छवि से बाहर निकलना चाहते हैं और नए तरह के रोल करना चाहते हैं. उनके इस फैसले से फैंस हैरान हैं, क्योंकि बाबूराव के बिना यह फिल्म वैसी नहीं लगेगी.