menu-icon
India Daily

आज भी रूह कंपा देती है 1968 की वो सबसे बड़ी हॉरर फिल्म, 58 साल बाद भी शापित मानते हैं लोग; जीता था ऑस्कर

1968 में आई हॉलीवुड फिल्म रोजमैरीज बेबी आज भी सबसे डरावनी फिल्मों में गिनी जाती है. इस फिल्म ने ऑस्कर भी जीता और इसके साथ जुड़ी अजीब घटनाओं ने इसे और ज्यादा रहस्यमय बना दिया.

babli
Edited By: Babli Rautela
आज भी रूह कंपा देती है 1968 की वो सबसे बड़ी हॉरर फिल्म, 58 साल बाद भी शापित मानते हैं लोग; जीता था ऑस्कर
Courtesy: Social Media

मुंबई: आज के समय में ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर कंटेंट की भरमार है. लेकिन इसी के साथ पुरानी क्लासिक फिल्मों को भी लोग नए नजरिए से देखने लगे हैं. जो फिल्में पहले केवल सिनेमाघरों तक सीमित थीं, अब वे मोबाइल और टीवी पर आसानी से उपलब्ध हैं. इसी वजह से कई पुरानी फिल्मों को फिर से लोकप्रियता मिल रही है. इन्हीं में से एक फिल्म है रोजमैरीज बेबी, जिसे आज भी दुनिया की सबसे डरावनी फिल्मों में गिना जाता है.

साल 1968 में रिलीज हुई इस फिल्म का निर्देशन रोमन पोलांस्की ने किया था. उस समय इसकी कहानी और प्रस्तुति ने दर्शकों को चौंका दिया था. फिल्म का माहौल इतना रहस्यमय और डरावना था कि दर्शक अंत तक सीट से बंधे रहते थे. यही वजह है कि यह फिल्म आज भी हॉरर जॉनर की क्लासिक मानी जाती है. इस फिल्म में शानदार अभिनय के लिए रूथ गॉर्डन को बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का ऑस्कर अवॉर्ड भी मिला था.

क्या है फिल्म की कहानी?

रोजमैरीज बेबी की कहानी एक शादीशुदा कपल के इर्द गिर्द घूमती है, जो नई जिंदगी की शुरुआत के लिए एक नए अपार्टमेंट में रहने आते हैं. शुरुआत में सब कुछ सामान्य लगता है, लेकिन धीरे धीरे माहौल बदलने लगता है. रोजमैरी की एक दोस्त बनती है, जिसकी अचानक मौत हो जाती है. इसके बाद पड़ोसियों का व्यवहार भी अजीब होने लगता है. रोजमैरी को महसूस होता है कि उसके आसपास कुछ गलत हो रहा है, लेकिन उसका पति उसकी बातों को नजरअंदाज करता है. कहानी आगे बढ़ते हुए ऐसे मोड़ लेती है, जो दर्शकों को डर और सस्पेंस दोनों का अनुभव कराती है.

क्यों कहा जाता है इस फिल्म को शापित?

इस फिल्म को लेकर सालों से कई रहस्यमय किस्से सामने आते रहे हैं. कहा जाता है कि फिल्म से जुड़े कुछ लोगों के साथ अजीब घटनाएं हुई थीं. फिल्म के म्यूजिक कंपोजर क्रिस्टोफ कोमेडा अचानक कोमा में चले गए और बाद में उनकी मौत हो गई थी. इन घटनाओं ने लोगों के मन में यह धारणा बना दी कि इस फिल्म के साथ कुछ अशुभ जुड़ा हुआ है. हालांकि इन दावों का कोई ठोस प्रमाण नहीं है.

फिल्म के रिलीज होने के बाद भी कुछ ऐसी घटनाएं हुईं, जिन्होंने इस रहस्य को और गहरा कर दिया. फिल्म के प्रोड्यूसर विलियम कैसल को लगातार धमकी भरे संदेश मिलने लगे, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई. सबसे चौंकाने वाली घटना तब हुई जब शेरोन टेट, जो डायरेक्टर रोमन पोलंस्की की पत्नी थीं, उनकी 1969 में हत्या कर दी गई. यह घटना इतनी दर्दनाक थी कि इसने फिल्म से जुड़े शाप के किस्सों को और हवा दे दी.