'सिगरेट से जलाया, थप्पड़ मारा', नीति टेलर ने सुनाई एक्स की खौफनाक करतूत; बोलीं- आज भी हैं निशान

नीति टेलर ने अपने एक्स बॉयफ्रेंड पर फिजिकल और मेंटल टॉर्चर के गंभीर आरोप लगाए हैं. एक्ट्रेस के मुताबिक, वह उनके कपड़ों और दोस्तों को लेकर सवाल करता था, उन्हें थप्पड़ मारा और सिगरेट से भी जला दिया.

Pinterest
Km Jaya

टीवी एक्ट्रेस नीति टेलर ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. एक्ट्रेस ने बताया कि उनके एक्स बॉयफ्रेंड ने उन्हें फिजिकली और मेंटली टॉर्चर किया था. नीति ने एक इंटरव्यू में अपने साथ हुई मारपीट, कंट्रोलिंग बिहेवियर और सिगरेट से जलाने जैसी घटनाओं के बारे में बात की. अपनी आपबीती बताते हुए एक्ट्रेस भावुक हो गईं.

नीति ने पॉडकास्ट में बताया कि यह घटना उस समय की है, जब वह 'कैसी ये यारियां' के पहले सीजन की शूटिंग कर रही थीं. उनके मुताबिक, एक्स बॉयफ्रेंड उनके कपड़ों को लेकर भी सवाल करता था. अगर वह छोटे कपड़े पहनती थीं, तो वह इस पर आपत्ति जताता था. वह उनसे बार-बार पूछता था कि वह कहीं क्यों जा रही हैं या किसी व्यक्ति के इतने करीब क्यों खड़ी हैं.

एक्ट्रेस ने और क्या बताया?

एक्ट्रेस ने कहा कि उस वक्त वह काफी नादान थीं और हर बात पर खुद को सही साबित करने की कोशिश करती रहती थीं. नीति ने बताया कि एक बार एक्स बॉयफ्रेंड के जन्मदिन पर उन्हें वहां का माहौल ठीक नहीं लगा. इसके बाद उन्होंने अपनी सहेलियों के साथ वहां से जाने का फैसला किया. उनकी दोस्त नीचे कार में उनका इंतजार कर रही थीं, लेकिन जाने से पहले नीति अपने बॉयफ्रेंड को बाय कहना चाहती थीं.


कैसे किया था प्रताड़ित?

नीति के मुताबिक, जब उन्होंने जाने की बात कही तो बॉयफ्रेंड ने उन्हें रोक लिया और दोस्तों के साथ जाने से मना कर दिया. उन्होंने उससे कहा कि उनकी सहेलियां उन्हें घर छोड़ देंगी, लेकिन वह नहीं माना. एक्ट्रेस ने आरोप लगाया कि उसने उन्हें पकड़कर जोर से धक्का दिया और थप्पड़ भी मारा. यह पूरी घटना बिल्डिंग के CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी. उनकी सहेलियां ऊपर आईं और उन्होंने नीति को वहां से छुड़ाया.

नीति ने बताया कि इस घटना के बाद वह काफी रो रही थीं. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बाद में जब वह बिल्डिंग पहुंचीं तो एक्स बॉयफ्रेंड ने उनसे पार्टी छोड़कर जाने को लेकर सवाल किए. उस वक्त वह सिगरेट पी रहा था. नीति के मुताबिक, इसी दौरान उसने उन्हें सिगरेट से जला दिया. एक्ट्रेस ने कहा कि आज भी उनके शरीर पर उस चोट और सिगरेट से जलने के निशान मौजूद हैं.

नीति ने और क्या बताया?

नीति ने यह भी बताया कि उनका एक्स बॉयफ्रेंड लगातार उन्हें नीचा दिखाता था. वह उनकी उम्र, वजन और खूबसूरती को लेकर आपत्तिजनक बातें करता था. एक्ट्रेस के मुताबिक, वह उसके लिए घर का काम करती थीं, फ्रिज और माइक्रोवेव साफ करती थीं और खाना भी बनाती थीं. जब उसके माता-पिता आते थे, तो नीति उन्हें बाहर घुमाने भी ले जाती थीं.

नीति ने कहा कि वह उस समय उससे प्यार करती थीं, इसलिए उसकी कही कई बातें और उसके व्यवहार को सहती रहीं. एक्ट्रेस की इस दर्दभरी कहानी के सामने आने के बाद फैंस भी भावुक हो गए हैं. उनके खुलासे ने रिश्ते में होने वाले कंट्रोलिंग और हिंसक व्यवहार को लेकर एक बार फिर चर्चा छेड़ दी है.