US Israel Iran War

जब शादीशुदा नसीरुद्दीन शाह पर आया था रत्ना पाठक का दिल, थिएटर से शुरू हुई मोहब्बत कैसे बनी जिंदगी भर का रिश्ता

रत्ना पाठक और नसीरुद्दीन शाह की प्रेम कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है. थिएटर में मुलाकात से लेकर सात साल के लिव इन और फिर शादी तक का सफर बेहद दिलचस्प रहा है. एक्ट्रेस के जन्मदिन पर आइए इस कपल की लव स्टोरी के बारे में जानते हैं.

Social Media
Babli Rautela

मुंबई: बॉलीवुड और थिएटर की दुनिया में कुछ प्रेम कहानियां ऐसी होती हैं जो समय के साथ और भी खास बन जाती हैं. ऐसी ही एक कहानी है बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर नसीरुद्दीन शाह और मशहूर एक्ट्रेस रत्ना पाठक शाह की. यह रिश्ता न सिर्फ प्यार बल्कि समझ और संघर्ष की मिसाल भी है. रत्ना पाठक 18 मार्च को अपना 69वां जन्मदिन मना रही हैं. इस खास मौके पर उनकी जिंदगी की सबसे खूबसूरत कहानी यानी उनकी लव स्टोरी एक बार फिर चर्चा में आ गई है.

नसीरुद्दीन शाह और रत्ना पाठक की पहली मुलाकात थिएटर के मंच पर हुई थी. दोनों ही अभिनय के लिए बेहद जुनूनी थे और थिएटर से गहरा लगाव रखते थे. इसी दौरान एक प्ले की रिहर्सल के वक्त दोनों आमने सामने आए. यह मुलाकात धीरे धीरे दोस्ती में बदली और फिर दोस्ती प्यार में बदल गई. खास बात यह थी कि दोनों के बीच बातचीत और समझ इतनी गहरी थी कि उन्हें एक दूसरे के साथ समय बिताना अच्छा लगने लगा.

जब पहले से शादीशुदा थे नसीरुद्दीन शाह

इस लव स्टोरी का सबसे दिलचस्प और चुनौतीपूर्ण पहलू यह था कि जब दोनों करीब आए, तब नसीरुद्दीन शाह पहले से शादीशुदा थे. उन्होंने कम उम्र में एक मेडिकल स्टूडेंट से शादी की थी. हालांकि यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चला और दोनों अलग रहने लगे थे. तलाक नहीं हुआ था लेकिन दूरी आ चुकी थी. इसी बीच रत्ना पाठक उनकी जिंदगी में आईं और दोनों के बीच नजदीकियां तेजी से बढ़ने लगीं.

सात साल तक लिव इन में रहे दोनों

प्यार इतना गहरा था कि दोनों ने समाज की परवाह किए बिना साथ रहने का फैसला किया. नसीरुद्दीन शाह और रत्ना पाठक करीब सात साल तक लिव इन रिलेशनशिप में रहे. उस दौर में लिव इन जैसी बात को समाज आसानी से स्वीकार नहीं करता था, लेकिन दोनों ने अपने रिश्ते को पूरी ईमानदारी और आत्मविश्वास के साथ जिया. यही वजह है कि उनका रिश्ता समय की कसौटी पर खरा उतरा.

एक इंटरव्यू के दौरान रत्ना पाठक ने अपनी लव स्टोरी के बारे में खुलकर बात की थी. उन्होंने बताया कि उनके और नसीरुद्दीन शाह के बीच सब कुछ बहुत तेजी से हुआ. पहले दिन वे सिर्फ दोस्त थे, लेकिन अगले ही दिन दोनों एक दूसरे के बेहद करीब आ गए. दोनों साथ में घूमने लगे और धीरे धीरे यह रिश्ता गहरा होता चला गया.

सादगी से हुई शादी

आखिरकार 1 अप्रैल 1982 को दोनों ने शादी करने का फैसला किया. यह शादी बेहद सादगी भरे माहौल में हुई थी. रत्ना पाठक की मां के घर पर सिर्फ करीबी लोगों की मौजूदगी में यह समारोह पूरा हुआ. इस शादी में कोई बड़ा आयोजन नहीं था, लेकिन इसमें प्यार और अपनापन भरपूर था. यही चीज इस रिश्ते को खास बनाती है.

नसीरुद्दीन शाह और रत्ना पाठक के बीच करीब 13 साल का उम्र का अंतर है. लेकिन इस अंतर ने कभी उनके रिश्ते पर असर नहीं डाला. दोनों ने हमेशा एक दूसरे को समझा और सम्मान दिया. यही वजह है कि उनका रिश्ता आज भी मजबूत बना हुआ है.