Mika Singh Happy Birthday: किस विवाद से थप्पड़ तक, मीका सिंह के 5 बड़े कांड जो भूल नहीं पाएंगे फैंस

मीका सिंह जन्मदिन पर जानिए उनके पांच सबसे बड़े विवाद. मीका सिंह ऐसे सिंगर हैं जोकि अपने गानों से ज्यादा अपनी कॉन्ट्रोवर्सी के लिए जाने जाते हैं. तो इस आर्टिकल में आपको मीका के किस विवाद से लेकर थप्पड़ कांड तक बताने वाले हैं.

ANI
Meenu Singh

नई दिल्ली: बॉलीवुड के मशहूर गायक मीका सिंह आज अपना 49वां जन्मदिन मना रहे हैं. मीका सिंह का जन्मदिन हर साल उनके चाहने वालों के लिए खास होता है, लेकिन इस गायक की पहचान केवल उनकी आवाज तक सीमित नहीं है. 

अपने शानदार गानों के साथ-साथ मीका सिंह विवाद के मामले में भी हमेशा चर्चा में रहे हैं. आइए उनके बर्थडे पर जानते हैं उन पांच बड़ी कॉन्ट्रोवर्सी के बारे में, जिसने पूरे देश में हलचल मचा दी थी.

राखी सावंत के साथ किस कांड

मीका सिंह का सबसे चर्चित और पुराना विवाद उनकी ही बर्थडे पार्टी में हुआ था. उस पार्टी में अभिनेत्री राखी सावंत भी मौजूद थीं और मीका ने वहां सबके सामने उन्हें जबरन किस कर लिया.


यह मामला इतना बड़ा हो गया कि रातोंरात मीका सिंह 'किस विवाद' की वजह से सुर्खियों में छा गए. इस घटना के बाद से  चारों ओर से उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा. हालांकि बाद में दोनों के बीच मामला सुलझ गया. 

मंच पर डॉक्टर को जड़ा था थप्पड़

साल 2015 में मीका सिंह दिल्ली में एक म्यूजिक इवेंट में हिस्सा लेने पहुंचे थे. उस इवेंट के दौरान मंच पर ही उन्होंने एक डॉक्टर को थप्पड़ जड़ दिया था. यह पल कैमरे में कैद हो गया और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. मीका सिंह ने अपनी सफाई में कहा कि वह डॉक्टर उनके साथ बुरे तरीके से पेश आ रहे थे. इस मामले ने भी मीका की छवि को काफी नुकसान पहुंचाया.

हिट एंड रन केस

इस घटना से पहले साल 2014 में मीका सिंह पर एक ऑटो रिक्शा को टक्कर मारने का आरोप लगा था. इस हादसे में ऑटो में बैठे यात्रियों को चोटें आई थीं. मामले में पुलिस ने कार्यवाही शुरू की और मीका का नाम सामने आया. मीका ने कहा कि वे उस गाड़ी को नहीं चला रहे थे. 

हवाई अड्डे पर गिरफ्तारी

साल 2013 में मीका बैंकॉक से मुंबई लौट रहे थे. मुंबई हवाई अड्डे पर जांच के दौरान उनके पास तय सीमा से ज्यादा विदेशी मुद्रा मिली. सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने उन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया और पूछताछ की. बाद में उन्हें जमानत मिल गई लेकिन इस मामले ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दी थीं.

विदेश में हिरासत

साल 2008 में सिंगर को संयुक्त अरब अमीरात में हिरासत में लिया गया. ब्राजील की एक महिला ने उनके खिलाफ उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी. यह मामला सामने आते ही मनोरंजन जगत में हड़कंप मच गया. 

कानूनी प्रक्रिया के बाद मीका को राहत मिली और मामला आगे चलकर शांत हो गया, लेकिन तब तक उनकी साख को बड़ा धक्का लग चुका था.