मुंबई: विजय वर्मा ने एक बार फिर अपने दमदार अभिनय से दर्शकों का ध्यान खींच लिया है. उनकी नई वेब सीरीज मटका किंग का टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है. इस सीरीज की घोषणा खास तौर पर उनके जन्मदिन के मौके पर की गई, जिससे फैंस के बीच उत्साह और भी बढ़ गया है. टीजर में विजय वर्मा का लुक और अंदाज साफ दिखाता है कि इस बार वह एक अलग और गहराई वाले किरदार में नजर आने वाले हैं. उनका किरदार ताकत, चालाकी और महत्वाकांक्षा का मेल है.
मटका किंग की कहानी 1960 के दशक के बॉम्बे पर आधारित है. यह वह दौर था जब शहर तेजी से बदल रहा था और व्यापार के साथ साथ सत्ता का खेल भी अपने चरम पर था. सीरीज में विजय वर्मा बृज भट्टी नाम के एक कॉटन ट्रेडर का किरदार निभा रहे हैं. वह एक मेहनती और तेज दिमाग वाला इंसान है जो अपने दम पर पहचान बनाना चाहता है.
कहानी की शुरुआत एक छोटे से आइडिया से होती है, लेकिन धीरे धीरे वही आइडिया इतना बड़ा बन जाता है कि समाज के हर वर्ग को प्रभावित करने लगता है. इसमें बाजार, चालें और सत्ता की राजनीति को बेहद दिलचस्प तरीके से दिखाया गया है.
मटका किंग में विजय वर्मा के साथ कई शानदार कलाकार नजर आने वाले हैं. कृतिका कामरा इस सीरीज में अहम किरदार निभा रही हैं. उनके अलावा साई ताम्हणकर, सिद्धार्थ जाधव और गुलशन ग्रोवर जैसे अनुभवी कलाकार भी इस कहानी को मजबूत बनाते हैं. सहायक कलाकारों की लंबी सूची इस सीरीज को और भी खास बनाती है. विनीत कुमार सिंह, गिरीश कुलकर्णी, जेमी लीवर और इश्तियाक खान जैसे कलाकार अपनी अदाकारी से कहानी में गहराई जोड़ेंगे.
यह बहुप्रतीक्षित वेब सीरीज 17 अप्रैल से Prime Video पर स्ट्रीम होने जा रही है. मेकर्स को इस सीरीज़ से काफी उम्मीदें हैं और माना जा रहा है कि यह दर्शकों को एक नया अनुभव देगी. टीजर के बाद से ही दर्शकों में इस सीरीज़ को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है. खासकर विजय वर्मा के किरदार को लेकर लोग काफी चर्चा कर रहे हैं.