मुंबई: रानी मुखर्जी करीब तीन दशक बाद भी बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा रही हैं. 30 जनवरी 2026 को रिलीज हुई उनकी कॉप थ्रिलर फिल्म मर्दानी 3 ने नौवें दिन आखिरकार 30 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. यह उपलब्धि ऐसे समय में आई है जब सिनेमाघरों में बड़ी फिल्मों की भीड़ मौजूद है. मर्दानी 3 रानी मुखर्जी के करियर के लिए खास मानी जा रही है क्योंकि इसी के साथ उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में अपने 30 साल पूरे कर लिए हैं. फिल्म ने पहले हफ्ते में ठीक ठाक कमाई की थी लेकिन दूसरे हफ्ते की शुरुआत में इसकी रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ गई थी.
इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक मर्दानी 3 ने दूसरे शनिवार यानी रिलीज के नौवें दिन 2.75 करोड़ रुपये की कमाई की. शुक्रवार को फिल्म ने 1.85 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. वीकेंड की छुट्टी का फायदा फिल्म को साफ तौर पर मिला है. शनिवार को दर्शकों की संख्या बढ़ने के साथ फिल्म की कमाई में उछाल देखा गया. इसी उछाल के चलते मर्दानी 3 का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन अब 30.90 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.
फिल्म के नौ दिनों के कलेक्शन पर नजर डालें तो इसकी शुरुआत ठीक ठाक रही थी.
मर्दानी 3 को बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है. खास तौर पर Border 2 जैसी बड़ी फिल्म पहले से ही सिनेमाघरों में धूम मचा रही है. बॉर्डर 2 ने 16वें दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है.
इसके अलावा संजय मिश्रा और नीना गुप्ता की वध 2 भी दर्शकों के बीच अच्छी पकड़ बना रही है. ऐसे माहौल में मर्दानी 3 का 30 करोड़ के पार पहुंचना एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है.