menu-icon
India Daily

47 की उम्र में चला गया रॉक म्यूजिक का चमकता सितारा, ब्रैड अर्नोल्ड की मौत से टूटा फैंस का दिल

ग्रैमी नॉमिनेटेड रॉक बैंड 3 डोर्स डाउन के फाउंडर और लीड सिंगर ब्रैड अर्नोल्ड का 47 साल की उम्र में निधन हो गया. वह पिछले चार महीनों से स्टेज फोर कैंसर से जूझ रहे थे. उनके निधन से म्यूजिक इंडस्ट्री और फैंस में गहरा दुख है.

babli
Edited By: Babli Rautela
47 की उम्र में चला गया रॉक म्यूजिक का चमकता सितारा, ब्रैड अर्नोल्ड की मौत से टूटा फैंस का दिल
Courtesy: X

मुंबई: रॉक म्यूजिक की दुनिया से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. मशहूर रॉक बैंड 3 डोर्स डाउन के लीड सिंगर Brad Arnold का 7 फरवरी को निधन हो गया है. वह केवल 47 साल के थे. ब्रैड पिछले चार महीनों से स्टेज फोर कैंसर से जूझ रहे थे. बैंड ने सोशल मीडिया पर आधिकारिक बयान जारी कर उनके निधन की पुष्टि की और बताया कि उन्होंने शांति से दुनिया को अलविदा कहा.

इस दुखद घटना के बाद बैंड ने अपनी सभी आने वाली परफॉर्मेंस और टूर को रद्द कर दिया है. फैंस और म्यूजिक जगत से जुड़ी हस्तियां लगातार सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रही हैं.

कौन थे ब्रैड अर्नोल्ड?

ब्रैड अर्नोल्ड मशहूर अमेरिकी रॉक बैंड 3 Doors Down के फाउंडिंग मेंबर थे. वह बैंड के लीड सिंगर होने के साथ साथ शुरुआती दौर में ड्रमर भी रहे. साल 1996 में बने इस बैंड ने बहुत कम समय में दुनियाभर में पहचान बना ली थी. ब्रैड की आवाज और उनके लिखे गाने बैंड की सबसे बड़ी पहचान बने. उन्होंने बेहद कम उम्र में म्यूजिक की दुनिया में कदम रखा और अपनी मेहनत से खुद को एक बड़े कलाकार के रूप में स्थापित किया.

क्रिप्टोनिट से मिली थी दुनिया भर में पहचान

3 डोर्स डाउन को असली पहचान साल 2000 में आए गाने क्रिप्टोनिट से मिली. इस गाने ने दुनियाभर के म्यूजिक चार्ट पर जगह बनाई. इसके बाद हियर विदाउट यू और व्हेन आई एम गॉन जैसे गानों ने बैंड को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया. क्रिप्टोनिट और व्हेन आई एम गॉन को ग्रैमी अवॉर्ड के लिए नॉमिनेशन भी मिला. यह किसी भी रॉक बैंड के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाती है. खास बात यह रही कि ब्रैड ने क्रिप्टोनिट गाना तब लिखा था जब वह सिर्फ 15 साल के थे.

ब्रैड अर्नोल्ड ने 5 मई 2025 को एक वीडियो संदेश के जरिए अपनी बीमारी की जानकारी दी थी. उन्होंने बताया था कि उन्हें स्टेज फोर क्लियर सेल रीनल सेल कार्सिनोमा है. यह किडनी कैंसर का एक गंभीर रूप है जो उनके फेफड़ों तक फैल चुका था. वीडियो में उन्होंने कहा था कि यह मेरा समय नहीं है. उन्होंने अपने पुराने गाने का जिक्र करते हुए फैंस से हिम्मत और दुआएं मांगी थीं. उनके इस संदेश ने फैंस को भावुक कर दिया था और दुनियाभर से उन्हें समर्थन मिला था.