करण जौहर के शो में ग्लैमर का तड़का, 'द ट्रेटर्स इंडिया सीजन 2' में होगी इस एक्ट्रेस की एंट्री

करण जौहर के शो द ट्रेटर्स इंडिया सीजन 2 को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. मल्लिका शेरावत के शो में शामिल होने की खबरें तेज हो गई हैं और बताया जा रहा है कि उन्होंने शूटिंग भी शुरू कर दी है.

X
Babli Rautela

मुंबई: करण जौहर के चर्चित रियलिटी शो द ट्रेटर्स इंडिया के दूसरे सीजन को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ है. अब इस शो से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है, जिसने दर्शकों का ध्यान खींच लिया है. रिपोर्ट्स के अनुसार, बॉलीवुड एक्ट्रेस मल्लिका शेरावत इस शो का हिस्सा बन सकती हैं और उन्होंने राजस्थान के जैसलमेर में शूटिंग भी शुरू कर दी है.

पिछले कई हफ्तों से मल्लिका शेरावत के इस शो में आने की चर्चा हो रही थी. हालांकि, एक्ट्रेस ने अब तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया था. अब ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी एंट्री लगभग तय मानी जा रही है, जिससे फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है.

करण जौहर फिर करेंगे होस्टिंग

इस शो को एक बार फिर करण जौहर होस्ट करते नजर आएंगे. करण पहले सीजन में भी शो का हिस्सा थे और उनकी होस्टिंग को काफी पसंद किया गया था. उनके जैसलमेर पहुंचने के बाद ही यह साफ हो गया था कि सीजन 2 की शूटिंग शुरू हो चुकी है. इस बार भी शो की शूटिंग जैसलमेर के शानदार सूर्यगढ़ पैलेस में हो रही है. यह एक आलीशान लोकेशन है, जहां कई बड़े इवेंट्स आयोजित किए जाते हैं. यही वह जगह है जहां कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा की शादी भी हुई थी, जिससे यह और ज्यादा चर्चित हो चुकी है.

क्या है शो का कॉन्सेप्ट?

द ट्रेटर्स इंडिया एक ऐसा रियलिटी शो है जो भरोसे और धोखे के खेल पर आधारित है. इसमें अलग अलग फील्ड से आए कंटेस्टेंट्स को दो ग्रुप में बांटा जाता है. एक होते हैं ट्रेटर्स यानी गद्दार और दूसरे होते हैं इनोसेंट्स यानी बेगुनाह. ट्रेटर्स गुपचुप तरीके से खिलाड़ियों को बाहर करते हैं, जबकि इनोसेंट्स उन्हें पहचानने की कोशिश करते हैं. यह खेल तब तक चलता है जब तक ट्रेटर्स या इनोसेंट्स में से कोई एक जीत हासिल नहीं कर लेता.

इस शो का पहला सीजन अमेजन प्राइम वीडियो इंडिया पर रिलीज हुआ था. फिनाले से पहले ही इसे दूसरे सीजन के लिए रिन्यू कर दिया गया था, जो इसकी लोकप्रियता को दर्शाता है. पहले सीजन में उर्फी जावेद और निकिता लूथर ने मिलकर जीत हासिल की थी.

मल्लिका की वापसी से बढ़ी चर्चा

मल्लिका शेरावत लंबे समय से फिल्मों और टीवी से थोड़ी दूर थीं और विदेश में रह रही थीं. उन्हें आखिरी बार फिल्म विक्की विद्या का वो वाला वीडियो में देखा गया था. उनकी एंट्री से शो में ग्लैमर और एक्साइटमेंट दोनों बढ़ने वाले हैं. पुराने और नए चेहरों के मिश्रण के साथ यह सीजन और भी दिलचस्प होने वाला है.