Bishnoi Gang Threatens Aamir Khan: बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ी धमकी मिलने की खबर सामने आई है. सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट और वॉइस नोट के जरिए दी गई इस धमकी की मुंबई पुलिस जांच कर रही है. हालांकि आमिर खान या उनके टीम की तरफ से अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है.
खबरों के अनुसार जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई आरजू बिश्नोई और उनके सहयोगी टायसन बिश्नोई ने सोशल मीडिया पर आमिर खान को धमकी भरा पोस्ट किया. इसमें आमिर खान पर तीसरी शादी करने के बाद 'लव जिहाद' को बढ़ावा देने का आरोप लगाया गया है. पोस्ट में चेतावनी दी गई है कि जो भी स्टारडम के नाम पर ऐसा काम करेगा, उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
पोस्ट में कहा गया- 'हम अपने भाई-बहनों और देशवासियों से वादा करते हैं कि जो लोग ऐसे गलत कामों को बढ़ावा देंगे, उन्हें हम अपने तरीके से निपटाएंगे.' धमकी में 'सांसें दबा देंगे' जैसे शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया. इस पोस्ट में राजस्थान के श्री गंगानगर में एक 13 वर्षीय लड़की से जुड़े कथित अपहरण और यौन शोषण के मामले का भी जिक्र किया गया है.
मुंबई पुलिस ने इस पोस्ट और वॉइस नोट की पुष्टि शुरू कर दी है. फिलहाल यह धमकी वेरिफाई की जा रही है. पुलिस के सूत्रों का कहना है कि मामला गंभीर है, इसलिए पूरी जांच की जा रही है. आमिर खान की तरफ से अभी कोई औपचारिक शिकायत नहीं आई है.
आमिर खान हाल ही में अपनी तीसरी शादी को लेकर चर्चा में रहे हैं. गैंग ने इसी शादी को लेकर आपत्ति जताई है और इसे संस्कृति पर हमला बताया है. इससे पहले भी कई बॉलीवुड सितारों को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से धमकियां मिल चुकी हैं. अभी तक आमिर खान की तरफ से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. उनके करीबी सूत्रों का कहना है कि टीम स्थिति पर नजर रखे हुए है। सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट पर हैं.