Animal Film: संदीप रेड्डी वांगा के निर्देशन में बनी मल्टी स्टारर फिल्म एनिमल बॉक्स ऑफिस पर सफलता के झंडे गाड़ रही है. फिल्म ने 10 दिन में अब तक वर्ल्डवाइड 700 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर ली है. फिल्म में रणबीर कपूर, रश्मिका मंदाना और बॉबी देओल मुख्य भूमिकाओं में हैं. फिल्म में बॉबी देओल के नेगेटिव रोल को जमकर तारीफ मिल रही है. हालांकि फिल्म के कुछ बोल्ड सीन लोगों के बीच चर्चा और विवाद का विषय बने हुए हैं.
एनिमल फिल्म में एक सीन हैं जिसमें बॉबी देओल शादी वाले दिन ही सबके सामने पत्नी के साथ इंटीमेट होने की कोशिश करते हैं. इस सीन को लेकर फिल्म निर्माताओं को कड़ी आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है.
सोशल मीडिया पर मामले के तूल पकड़ने के बाद अब बॉबी देओल ने भी इस सीन पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि इस प्रकार का सीन शूट करते हुए उन्हें बिल्कुल भी झिझक महसूस नहीं हुई.
रेप सीन पर क्या बोले बॉबी
हालिया एक इंटरव्यू में बॉबी देओल ने कहा कि मैं फिल्म में एक क्रूर विलेन का किरदार निभा रहा था जो अपनी पत्नी के साथ बुरा व्यवहार करता है और जो अपनी पत्नी के साथ बिल्कुल भी रोमांटिक नहीं है. मैंने केवल उस किरदार को सही से निभाने की कोशिश की और मुझे इस किरदार को निभाने में कोई परेशानी नहीं हुई.
क्या बोली बॉबी की पत्नी
इस फिल्म में मानसी टसक ने बॉबी देओल की पत्नी का किरदार निभाया है. इस इंटीमेट सीन पर उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर यह सीन चौंकाने वाला है, किसी ने शादी वाले दिन ऐसा कुछ होने की उम्मीद नहीं की होगी. आप उस सीन पर ध्यान न दें. सीन से पहले जो गाना बजता है उसे सुनें, जो इंस्टाग्राम पर इतना वायरल हो रहा है. उन्होंने कहा कि दर्शकों को यह समझना चाहिए कि जब फिल्म का हीरो ऐसा है तो विलेन और भी खूंखार होना चाहिए.
क्या है फिल्म का वह सीन
दरअसल, फिल्म के एक सीन में बॉबी (अबरार हक) और मानसी की शादी हो रही होती है तभी अबरार को उसके भाई की मौत की खबर मिलती है. इस खबर को सुनने के बाद वह अपने मैनेजर का बेरहमी से कत्ल कर देता है. इसके बाद वह अपनी दुल्हन मानसी को भी प्रताड़ित करता है. फिल्म का यह सीन जमकर वायरल हो रहा है.