menu-icon
India Daily

'धुरंधर' के तूफान में नहीं टिक पाई कपिल शर्मा की 'किस किसको प्यार करूं 2', तीसरे दिन कमाए बस इतने रुपए

कपिल शर्मा की कॉमेडी फिल्म किस किसको प्यार करूं 2 बॉक्स ऑफिस पर धुरंधर के जबरदस्त प्रदर्शन के बीच धीमी रफ्तार से आगे बढ़ रही है. तीसरे दिन थोड़ी बढ़त के बावजूद फिल्म मजबूत पकड़ बनाने में नाकाम दिख रही है.

babli
Edited By: Babli Rautela
'धुरंधर' के तूफान में नहीं टिक पाई कपिल शर्मा की 'किस किसको प्यार करूं 2', तीसरे दिन कमाए बस इतने रुपए
Courtesy: Social Media

मुंबई: कॉमेडी के बादशाह कहे जाने वाले कपिल शर्मा की मोस्टअवेटेड फिल्म किस किसको प्यार करूं 2 से दर्शकों को काफी उम्मीदें थीं. यह फिल्म 12 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. माना जा रहा था कि कपिल की लोकप्रियता और हल्की फुल्की कॉमेडी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच लाएगी. लेकिन रिलीज के साथ ही रणवीर सिंह स्टारर धुरंधर ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा तूफान खड़ा कर दिया कि कपिल की फिल्म उसकी चपेट में आ गई.

किस किसको प्यार करूं 2 की शुरुआत बॉक्स ऑफिस पर बेहद साधारण रही. पहले दिन फिल्म सिर्फ 1.85 करोड़ रुपये ही कमा पाई. यह आंकड़ा कपिल शर्मा जैसे बड़े नाम के हिसाब से काफी कम माना गया. ओपनिंग डे की कमजोर कमाई ने साफ संकेत दे दिया था कि फिल्म को आगे की राह में संघर्ष करना पड़ सकता है. दर्शकों की भीड़ सिनेमाघरों में सीमित नजर आई और मल्टीप्लेक्स में भी सीटें खाली दिखीं.

किस किसको प्यार करूं 2 का कलेक्शन

शनिवार को फिल्म की कमाई में मामूली सुधार देखने को मिला है. दूसरे दिन किस किसको प्यार करूं 2 ने करीब 2.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. यह बढ़त जरूर थी लेकिन इतनी नहीं कि फिल्म की स्थिति मजबूत कही जा सके. धुरंधर की रिकॉर्ड तोड़ कमाई के कारण ज्यादातर शोज उसी फिल्म को मिलते रहे. ऐसे में कपिल शर्मा की फिल्म को सीमित स्क्रीन और शो टाइम्स के साथ संतोष करना पड़ा.

कपिल शर्मा की फिल्म की धीमी कमाई

रविवार को फिल्म के कलेक्शन में फिर से हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई. Sacnilk के शुरुआती अनुमानों के अनुसार तीसरे दिन फिल्म ने 2.85 करोड़ रुपये की कमाई की. इस तरह पहले वीकेंड में किस किसको प्यार करूं 2 का कुल कलेक्शन 7.20 करोड़ रुपये तक पहुंच सका. हालांकि वीकेंड का फायदा उठाने के बावजूद यह आंकड़ा किसी भी तरह से हिट फिल्म की ओर इशारा नहीं करता.

फिल्म के लिए अब असली चुनौती वीकडेज में शुरू होगी. अगर सोमवार से फिल्म की कमाई में गिरावट आती है तो इसका टिक पाना और मुश्किल हो जाएगा. ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि धुरंधर की मजबूत पकड़ के चलते किस किसको प्यार करूं 2 को आगे भी सीमित दर्शक ही मिलेंगे. वर्ड ऑफ माउथ अगर मजबूत नहीं हुआ तो फिल्म का बॉक्स ऑफिस सफर छोटा हो सकता है.