Kingdom Box Office Collection Day 1: विजय देवरकोंडा की स्पाई-एक्शन फिल्म 'किंगडम' 31 जुलाई 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई और पहले दिन ही इसने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया. गौतम तिन्नानुरी के निर्देशन में बनी इस तेलुगु थ्रिलर ने ओपनिंग डे पर 15.75 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की. दर्शकों से मिल रही तारीफ के साथ यह फिल्म विजय के करियर की बड़ी हिट बनने की कतार में है.
विजय देवरकोंडा की फिल्म ने की शानदार शुरुआत
'किंगडम' में विजय देवरकोंडा एक दमदार किरदार में नजर आ रहे हैं, जिसके एक्शन सीन्स और इमोशनल ड्रामा दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच रहे हैं. फिल्म में उनके साथ भाग्यश्री बोरसे ने भी अपनी शानदार एक्टिंग से सबका ध्यान खींचा है. भाग्यश्री की यह डेब्यू फिल्म है और उनकी परफॉर्मेंस को खूब सराहा जा रहा है. सितारा एंटरटेनमेंट्स के बैनर तले बनी इस फिल्म का स्केल और प्रेजेंटेशन हॉलीवुड स्टाइल की स्पाई थ्रिलर जैसा है, जो इसे खास बनाता है.
फिल्म की एडवांस बुकिंग भी शानदार
पहले दिन की कमाई के आंकड़े बताते हैं कि फिल्म को तेलुगु राज्यों में जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है. आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में थिएटर्स में भारी भीड़ देखी गई और कई शो हाउसफुल रहे. फिल्म की एडवांस बुकिंग भी शानदार रही, जिसने इसके ओपनिंग कलेक्शन को और मजबूती दी. समीक्षकों ने विजय की दमदार एक्टिंग, गौतम तिन्नानुरी के निर्देशन और फिल्म के हाई-वोल्टेज एक्शन सीक्वेंस की तारीफ की है.
फिल्म में है देशभक्ति, धोखा और रोमांच का तड़का
'किंगडम' की कहानी एक रहस्यमयी स्पाई की जिंदगी के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें देशभक्ति, धोखा और रोमांच का तड़का है. फिल्म का म्यूजिक और सिनेमैटोग्राफी भी दर्शकों को बांधे रखती है. पहले दिन की कमाई के बाद ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि वीकेंड तक यह फिल्म और जोर पकड़ेगी. अब देखना यह है कि 'किंगडम' पहले वीकेंड में कितना कलेक्शन कर पाती है और क्या यह बॉक्स ऑफिस पर नया रिकॉर्ड बनाएगी.