menu-icon
India Daily

मर्डर मिस्ट्री, थ्रिलर से भरी करिश्मा कपूर अभिनीत सीरीज 'ब्राउन' OTT पर हुई स्ट्रीम, पढ़िए रिव्यू

सीरीज में करिश्मा कपूर रीटा ब्राउन का किरदार निभा रही हैं. रीटा एक सख्त और परेशान पुलिस अधिकारी हैं, जो शराब पीती हैं, खुद सिगरेट रोल करके पीती हैं और अपनी निजी जिंदगी की मुश्किलों से जूझ रही हैं. कोलकाता शहर में महिलाओं की सीरीज किलिंग शुरू हो जाती है और केस की जांच की जिम्मेदारी रीटा को सौंपी जाती है. यहीं से कहानी आगे बढ़ती है.

antima
Edited By: Antima Pal
मर्डर मिस्ट्री, थ्रिलर से भरी करिश्मा कपूर अभिनीत सीरीज 'ब्राउन' OTT पर हुई स्ट्रीम, पढ़िए रिव्यू
Courtesy: x

Karisma Kapoor Starrer Brown: लंबे समय के बाद करिश्मा कपूर वेब सीरीज के रूप में दर्शकों के सामने आई हैं. उनकी नई वेब सीरीज 'ब्राउन' अब OTT प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है. मर्डर मिस्ट्री और थ्रिलर से भरी यह सीरीज करिश्मा के जबरदस्त अभिनय के बूते काफी चर्चा में है, हालांकि कहानी उतनी मजबूत नहीं दिखती.

करिश्मा कपूर अभिनीत सीरीज 'ब्राउन' OTT पर हुई स्ट्रीम

सीरीज में करिश्मा कपूर रीटा ब्राउन का किरदार निभा रही हैं. रीटा एक सख्त और परेशान पुलिस अधिकारी हैं, जो शराब पीती हैं, खुद सिगरेट रोल करके पीती हैं और अपनी निजी जिंदगी की मुश्किलों से जूझ रही हैं. कोलकाता शहर में महिलाओं की सीरीज किलिंग शुरू हो जाती है और केस की जांच की जिम्मेदारी रीटा को सौंपी जाती है. यहीं से कहानी आगे बढ़ती है.

'ब्राउन' सिर्फ कातिल को पकड़ने की कहानी नहीं है. यह किरदारों की जिंदगी, उनकी परेशानियों और रिश्तों पर भी काफी समय देती है. कई बार जांच का सिलसिला पीछे छूट जाता है और निजी ड्रामा आगे आ जाता है. यही वजह है कि सीरीज थोड़ी धीमी गति वाली लगती है. जो लोग तेज रफ्तार वाली थ्रिलर पसंद करते हैं, उन्हें बीच-बीच में बोरियत महसूस हो सकती है.

करिश्मा कपूर का अभिनय इस सीरीज का सबसे मजबूत पहलू

फिर भी सीरीज की सबसे बड़ी ताकत उसका माहौल है. कोलकाता की बारिश, भीगी सड़कें, पुराने इलाके और शहर का गमगीन मूड बखूबी कैद किया गया है. सिनेमैटोग्राफी (अमोघ देशपांडे) वाकई सराहनीय है. कहानी के गहरे और अंधेरे पक्ष को विजुअल्स ने अच्छा साथ दिया है. करिश्मा कपूर का अभिनय इस सीरीज का सबसे मजबूत पहलू है. लंबे अंतराल के बाद उन्होंने जो रोल चुना, उसमें वे पूरी तरह रमी नजर आती हैं. गुस्सा, हताशा, जज्बात और सख्ती – हर भाव को उन्होंने बेहतरीन तरीके से निभाया है. 

जब कहानी थोड़ी सुस्त पड़ती है, तब भी करिश्मा का परफॉर्मेंस दर्शकों को बांधे रखता है. सूर्या शर्मा भी अपने रोल में अच्छा साथ देते दिखते हैं. कुल मिलाकर 'ब्राउन' एक ठोस पुलिस प्रोसीजर ड्रामा है, जिसमें करिश्मा की वापसी सबसे बड़ा प्लस पॉइंट है. 

अगर आप शानदार एक्टिंग और खूबसूरत सिनेमैटोग्राफी पसंद करते हैं तो यह सीरीज देखी जा सकती है. लेकिन अगर आपको नॉन-स्टॉप थ्रिल और ट्विस्ट चाहिए तो यह पूरी तरह उस उम्मीद पर खरी नहीं उतरती. 'ब्राउन' करिश्मा कपूर की फैन्स के लिए जरूर देखने लायक है. लंबे समय बाद उनकी स्क्रीन पर वापसी का मजा उठाइए, बाकी कहानी आपको औसत लग सकती है.