करण औजला के दिल्ली कॉन्सर्ट में हुआ बवाल, VVIP लाउंज में बेकाबू हुई भीड़, यहां देखें मारपीट का पूरा वीडियो
दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में हुए करण औजला के कॉन्सर्ट के दौरान VVIP लाउंज में मारपीट का वीडियो वायरल हो गया है. सोशल मीडिया पर शेयर क्लिप में कुछ लोग एक शख्स को लात घूंसे मारते दिख रहे हैं.
पंजाबी सिंगर करण औजला के दिल्ली कॉन्सर्ट में उस समय हंगामा मच गया जब VVIP लाउंज में कथित तौर पर बड़ी हाथापाई हो गई. यह इवेंट 28 फरवरी को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया गया था. P Pop Culture India Tour 2026 नाम से आयोजित इस शो में शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक परफॉर्मेंस चली. आयोजकों के मुताबिक 75 हजार से ज्यादा लोग इवेंट में पहुंचे, जिससे यह किसी पंजाबी आर्टिस्ट का भारत में अब तक का सबसे बड़ा कॉन्सर्ट बताया जा रहा है.
VVIP लाउंज में झड़प का वीडियो वायरल
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कुछ लोगों को आपस में भिड़ते देखा जा सकता है. एक क्लिप में एक व्यक्ति जमीन पर गिरा नजर आता है, जबकि दूसरा उसे बार बार घूंसे मारता दिखता है. इसी दौरान एक और शख्स उसे लात मारते हुए नजर आता है. वीडियो को इंस्टाग्राम पर VVIP लाउंज में क्रेजी लड़ाई जैसे कैप्शन के साथ शेयर किया गया. हालांकि वायरल क्लिप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है.
मिसमैनेजमेंट के आरोप
इवेंट के दौरान भीड़ प्रबंधन को लेकर भी सवाल उठे हैं. कुछ अटेंडीज ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि उन्हें स्टेडियम में एंट्री के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा और बैंड वितरण में भी अव्यवस्था रही. दिल्ली पुलिस ने पहले ही ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की थी, लेकिन स्टेडियम के बाहर भारी भीड़ और अफरा तफरी की तस्वीरें सामने आईं. कुछ यूजर्स ने आरोप लगाया कि टिकट काउंटर पर भी धक्का मुक्की हुई और पास लेने को लेकर हंगामा हुआ.
हाई एनर्जी परफॉर्मेंस ने बांधा समां
इन सबके बीच कॉन्सर्ट की शुरुआत मशहूर डीजे DJ Chetas के हाई एनर्जी सेट से हुई. इसके बाद करण औजला ने पॉप अप लिफ्ट से स्टेज पर एंट्री की, जिसे दर्शकों ने जोरदार स्वागत दिया. शो के दौरान उन्होंने स्टेडियम के ऊपर जिपलाइन राइड कर फैंस को रोमांचित कर दिया. उनके हिट गानों पर पूरी भीड़ झूमती नजर आई.
हालांकि VVIP लाउंज में हुई कथित मारपीट ने इस रिकॉर्ड तोड़ शो पर सवाल खड़े कर दिए हैं. बड़े आयोजनों में सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर अब बहस तेज हो गई है. आयोजकों की ओर से विस्तृत बयान का इंतजार किया जा रहा है.
और पढ़ें
- होली के इस गाने पर 8 महीने की प्रेग्नेंट थीं हेमा मालिनी, कॉस्ट्यूम पहनकर यूं छिपाया था बेबी बंप, जानें दिलचस्प किस्सा
- कौन है वड़ा पाव गर्ल के साथ दिखने वाला मिस्ट्री मैन? पति युगम गेरा ने सच जानते ही हाथ जोड़कर मांगी माफी
- लंदन में हादसे के बाद सिंगर मंज मुसिक अस्पताल में भर्ती, जी सिने अवॉर्ड्स परफॉर्मेंस पर लगा ग्रहण