Kala Hiran First Look: सलमान खान के 1998 के काले हिरण मामले पर आधारित फिल्म 'काला हिरण-द बैटल फॉर लेगेसी' रिलीज से पहले ही सुर्खियों में छाई हुई है. फिल्म के पोस्टर रिलीज होते ही विवाद शुरू हो गया था और अब शुक्रवार को इसका फर्स्ट लुक जारी कर दिया गया है.
जानी फायरफॉक्स फिल्म्स के यूट्यूब चैनल पर रिलीज इस टीजर ने सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया है. फिल्म के निर्माता अमित जानी इस प्रोजेक्ट को लेकर काफी उत्साहित हैं, लेकिन सलमान खान की तरफ से पहले ही कानूनी नोटिस मिल चुका है. इसके बावजूद फर्स्ट लुक रिलीज होने के बाद नेटिजंस दो हिस्सों में बंटे नजर आए. एक तरफ जहां कुछ लोग फिल्म की हिम्मत की तारीफ कर रहे हैं, वहीं सलमान के फैंस इसे लेकर काफी नाराज दिख रहे हैं.
फर्स्ट लुक की लंबाई को लेकर कई यूजर्स ने मजाक भी उड़ाया. एक यूजर ने कमेंट किया- 'ये फर्स्ट लुक है या पूरी फिल्म ही दिखा दी?' कुछ दर्शक फिल्म को सपोर्ट करते हुए लिख रहे हैं- 'फिल्म का स्वागत है. उम्मीद है कि तथ्यों पर आधारित और शानदार बनी होगी.' एक अन्य यूजर ने कहा- 'इस फिल्म को बनाने के लिए हिम्मत चाहिए, पूरी टीम को बधाई, इंतजार रहेगा.'
दूसरी ओर सलमान खान के प्रशंसक इस फिल्म को बिल्कुल पसंद नहीं कर रहे. उनके गुस्से की सबसे बड़ी वजह फिल्म का सलमान के पर्सनल केस पर आधारित होना है. फैंस मानते हैं कि यह फिल्म भाई की इमेज खराब करने की कोशिश है. एक फैन ने लिखा- 'एक गैंगस्टर की तुलना भगत सिंह से मत करो.' दूसरे ने कहा- 'भाई के नाम पर फेम चाहिए. लीजेंड हमेशा लीजेंड रहता है.'
कुछ फैंस ने निर्माताओं को चेतावनी देते हुए मजाकिया अंदाज में कमेंट किया- 'निर्माताओं से निवेदन है कि कभी फुटपाथ पर मत आना.' कई सलमान भक्त फिल्म को बॉयकॉट करने की बात भी कर रहे हैं.
सलमान खान के केस को फिल्म में कैसे दिखाया जाएगा, यह सबसे बड़ा सवाल है. फैंस का कहना है कि यह मुद्दा पुराना है और अब इसे दोबारा उठाकर सिर्फ पब्लिसिटी हासिल करने की कोशिश की जा रही है. वहीं निर्माता पक्ष का तर्क है कि यह एक सच्ची घटना पर आधारित फिल्म है और इसमें कोई गलत इरादा नहीं है. फिल्म अभी रिलीज नहीं हुई है, लेकिन उसके फर्स्ट लुक ने पहले ही चर्चा का बाजार गर्म कर दिया है.