मुंबई: समय रैना का शो इंडियाज गॉट लेटेंट एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है. काफी समय से फैंस शो की वापसी का इंतजार कर रहे थे. अब एक वायरल वीडियो को देख फैंस काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं. बता दें की सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें शो के दूसरे सीजन को लेकर बड़ा हिंट छुपा है. 2025 में इंडियाज गॉट लेटेंट इंटरनेट पर सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाले शोज में से एक था. लेकिन एक विवाद के बाद शो को अचानक रोकना पड़ा और इसके सारे एपिसोड यूट्यूब से हटा दिए गए थे.
अब हाल ही में सोशल मीडिया पर बलराज घई की एक क्लिप वायरल हो रही है. इस वीडियो में वह 9 मई का जिक्र करते नजर आए, जिसके बाद इंटरनेट पर यह चर्चा शुरू हो गई कि शायद इंडियाज गॉट लेटेंट सीजन 2 उसी दिन रिलीज किया जा सकता है वीडियो में बलराज कहते हैं कि वह 9 मई का इंतजार कर रहे हैं क्योंकि दूसरा सीजन ड्रॉप होने वाला है. यह क्लिप सामने आने के बाद फैंस ने अंदाजा लगाना शुरू कर दिया कि रिलीज डेट शायद 9 मई ही है. हालांकि अब तक शो की टीम या समय रैना की तरफ से किसी तरह का बयान नहीं आया है.
अब हाल ही में समय रैना ने इंस्टाग्राम पर एक AMA सेशन किया, जहां फैंस ने उनसे शो की वापसी को लेकर सवाल पूछे. इस दौरान समय ने कहा कि वह फिलहाल पूरे महीने ब्रेक पर हैं और उसके बाद शो को लेकर प्लानिंग करेंगे. उनके इस जवाब ने भी फैंस का उत्साह डबल कर दिया. दिल्ली में हुए अपने एक लाइव शो के दौरान भी समय पहले कन्फर्म कर चुके हैं कि वह इंडियाज गॉट लेटेंट का दूसरा सीजन जरूर लाएंगे.
बता दें की समय रैना का 2025 में शो एक बड़े विवाद की वजह से बंद हो गया था. मामला तब शुरू हुआ जब एक एपिसोड में रणवीर अलाहबादिया शो में बतौर गेस्ट पहुंचे थे. जिसके बाद उनके एक विवादित सवाल की वजह से सारा बवाल शुरू हो गया. इस विवाद में आशीष चंचलानी, अपूर्व मुखीजा और समय रैना का नाम भी सामने आया. इसके बाद कई FIR दर्ज हुईं और मामला इतना बढ़ गया कि समय को यूट्यूब से सारे एपिसोड हटाने पड़े.