'हेरा फेरी' बॉलीवुड की उन फिल्मों में शामिल है, जिसका जिक्र आज भी कॉमेडी क्लासिक्स में होता है. साल 2000 में रिलीज हुई इस फिल्म ने दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई थी. प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल की तिकड़ी ने ऐसा जादू चलाया कि इसके किरदार आज भी लोगों के बीच लोकप्रिय हैं. फिल्म के तीसरे पार्ट 'हेरा फेरी 3' को लेकर लंबे समय से खबरें आती रही हैं. प्रियदर्शन को इस सीक्वल के निर्देशन की जिम्मेदारी संभालनी थी, लेकिन बाद में उन्होंने इस प्रोजेक्ट से दूरी बना ली. अब एक हालिया इंटरव्यू में डायरेक्टर ने बताया है कि आखिर उन्होंने 'हेरा फेरी 3' का निर्देशन करने से क्यों इनकार किया.
मीडिया को दिए अपने एक इंटरव्यू में प्रियदर्शन ने कहा कि उन्हें अपनी बनाई फिल्मों के सीक्वल पर काम करना पसंद नहीं है. उनके मुताबिक, उनके करियर में कई ऐसी फिल्में रही हैं जिनके आगे के पार्ट दूसरे लोगों ने बनाए हैं. 'हेरा फेरी' के बारे में बात करते हुए डायरेक्टर ने साफ तौर पर कहा कि उनके हिसाब से फिल्म की मूल कहानी में ही वह सब कुछ मौजूद था, जिसकी जरूरत थी. उनका मानना है कि उसके बाद कहानी को आगे बढ़ाने की कोशिश में फ्रैंचाइज़ी का फायदा उठाने जैसा नजरिया हावी हो सकता है. प्रियदर्शन ने अपनी बात को बेहद स्पष्ट अंदाज में रखते हुए कहा कि उनके लिए 'हेरा फेरी' की कहानी पहले पार्ट में ही पूरी हो गई थी.
प्रियदर्शन के मुताबिक, 'हेरा फेरी' का पहला पार्ट जिस स्तर पर दर्शकों से जुड़ा, उसे दोहराना आसान नहीं है. उन्होंने इस बात की ओर भी इशारा किया कि किसी कल्ट फिल्म का सीक्वल बनाते समय दर्शकों की उम्मीदें पहले से कहीं ज्यादा बढ़ जाती हैं. डायरेक्टर ने कहा कि चार दशक से ज्यादा लंबे करियर में उन्होंने एक चीज लगातार महसूस की है और वह है दर्शकों की बढ़ती अपेक्षाएं. उनके मुताबिक, आप कितनी भी कोशिश कर लें, लोग उसी पुराने जादू की उम्मीद करते हैं.
प्रियदर्शन ने कहा कि जब किसी फिल्म को दर्शकों का इतना प्यार मिल चुका हो, तो उसे उसी रूप में याद किया जाना बेहतर है. उन्होंने 'हेरा फेरी' को एक कल्ट फिल्म बताते हुए कहा कि इसे उसी पहचान के साथ रहने देना चाहिए. उनके अनुसार, सीक्वल में वही प्रभाव दोबारा पैदा करना मुश्किल होता है. अगर फिल्म उम्मीदों पर खरी नहीं उतरती, तो दर्शकों को निराशा हो सकती है. यही वजह है कि वह इस प्रोजेक्ट का हिस्सा नहीं बनना चाहते थे.
इस समय प्रियदर्शन अपनी अगली फिल्म 'हैवान' के प्रमोशन में व्यस्त हैं. फिल्म में अक्षय कुमार और सैफ अली खान मुख्य भूमिकाओं में हैं और यह 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. 'हैवान' मलयालम फिल्म 'ओप्पम' का हिंदी अडैप्टेशन है. ओरिजिनल फिल्म में मोहनलाल और समुथिरकानी ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं.