menu-icon
India Daily

हरि मुरली का 27 साल की उम्र में निधन, चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर बनाई थी पहचान

फिल्मों में चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर पहचान बनाने वाले हरि मुरली का निधन हो गया है. 27 साल के हरि मुरली अपने घर में मृत पाए गए हैं. वह मशहूर ड्रामा और फिल्म एक्टर केयू मुरली के बेटे थे.

babli
Edited By: Babli Rautela
हरि मुरली का 27 साल की उम्र में निधन, चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर बनाई थी पहचान
Courtesy: X

मुंबई: फिल्म और टेलीविजन जगत से एक दुखद खबर सामने आई है. पूर्व चाइल्ड आर्टिस्ट हरि मुरली का 27 साल की उम्र में निधन हो गया है. बताया जा रहा है कि वह केरल के पयन्नूर इलाके में अपने घर में मृत पाए गए.  घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और स्थानीय लोग हैरान रह गए. बाद में उनके शव को पयन्नूर के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया. 

फिलहाल उनकी मौत की वजह को लेकर परिवार की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. इस खबर के सामने आने के बाद फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर फैल गई है.

मशहूर एक्टर केयू मुरली के बेटे थे हरि

हरि मुरली मशहूर नाटक और फिल्म एक्टर केयू मुरली और प्रसन्ना के बेटे थे. उनका परिवार लंबे समय से कला और अभिनय की दुनिया से जुड़ा रहा है. उनके भाई का नाम श्री मुरली बताया जाता है. इसके अलावा एक्टर गणपति और एक्टर बाबू अन्नूर भी उनके रिश्तेदारों में शामिल हैं. इसी वजह से हरि मुरली बचपन से ही अभिनय और थिएटर के माहौल में पले बढ़े. परिवार का माहौल ही उन्हें अभिनय की दुनिया की ओर ले गया.

बहुत छोटी उम्र में शुरू हुआ अभिनय का सफर

हरि मुरली ने बहुत छोटी उम्र में ही अभिनय की दुनिया में कदम रख दिया था. बताया जाता है कि निर्देशक ए एम नजीर ने उन्हें एक टेलीविजन सीरियल में छोटा सा रोल दिया था. उस समय हरि मुरली की उम्र करीब साढ़े चार साल थी. इतनी छोटी उम्र में कैमरे के सामने आना उनके लिए एक नई शुरुआत थी. लेकिन उनकी सहज अभिनय शैली ने लोगों का ध्यान खींच लिया.

टेलीविजन के बाद हरि मुरली ने फिल्मों में भी काम करना शुरू किया. उनकी पहली फिल्म रसिकन थी. इस फिल्म में उनके अभिनय को दर्शकों ने काफी पसंद किया. इसके बाद वह कई फिल्मों में चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में नजर आए. उनकी प्रमुख फिल्मों में अन्नान थम्पी मदांबी डॉन पट्टानाथिल भूतम और उलाकम सुमंथी वलिभान जैसी फिल्में शामिल हैं. बताया जाता है कि चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में उन्होंने लगभग दस से पंद्रह फिल्मों में काम किया था.