menu-icon
India Daily

फिर अस्पताल पहुंचीं दीपिका कक्कड़, ट्यूमर के बाद अब किस बीमारी से परेशान हुई एक्ट्रेस

दीपिका कक्कड़ को पेट में 13 mm का सिस्ट मिलने के बाद फिर अस्पताल में भर्ती होना पड़ेगा. हाल ही में कैंसर ट्यूमर की सर्जरी से उबर रहीं एक्ट्रेस का अब छोटा ऑपरेशन होगा. परिवार ने फैंस से दुआ की अपील की है.

babli
Edited By: Babli Rautela
फिर अस्पताल पहुंचीं दीपिका कक्कड़, ट्यूमर के बाद अब किस बीमारी से परेशान हुई एक्ट्रेस
Courtesy: Social Media

मुंबई: टीवी एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ एक बार फिर स्वास्थ्य कारणों से अस्पताल में भर्ती होने जा रही हैं. हाल ही में वह एक गंभीर ट्यूमर की सर्जरी से उबर रही थीं, लेकिन अब उनके पेट में 13 mm का सिस्ट पाया गया है. यह जानकारी दीपिका और उनके पति शोएब इब्राहिम ने अपने यूट्यूब व्लॉग के जरिए साझा की है. शोएब ने बताया कि पिछले दो दिनों से दीपिका को हल्का पेट दर्द हो रहा था. शुक्रवार रात यह दर्द बढ़ गया, जिसके बाद दोनों तुरंत अस्पताल पहुंचे. जांच के दौरान सीटी स्कैन कराया गया, जिसमें पेट में एक नया सिस्ट दिखाई दिया.

कंधे में भी वही पुराना दर्द

दीपिका ने बताया कि पेट के साथ साथ उनके बाएं कंधे में भी दर्द होने लगा था. पिछली बार भी ट्यूमर के दौरान उन्हें इसी तरह का दर्द महसूस हुआ था, इसलिए परिवार को चिंता हुई. हालांकि डॉक्टरों ने कहा कि यह दर्द सीधे उसी वजह से नहीं है, फिर भी एहतियात के तौर पर पूरी जांच की गई. सीटी स्कैन में सिर्फ एक सिस्ट दिखाई दिया, बाकी रिपोर्ट सामान्य बताई गई है. डॉक्टरों का कहना है कि यह शुरुआती अवस्था में पकड़ में आ गया है, जो राहत की बात है.

कैसे होगा दीपिका कक्कड़ का इलाज

शोएब ने व्लॉग में बताया कि इस बार कोई बड़ी सर्जरी नहीं होगी. डॉक्टर सिस्ट को जलाकर हटाने की प्रक्रिया करेंगे. इसके लिए दीपिका को तीन से चार दिन अस्पताल में भर्ती रहना पड़ेगा. मंगलवार को यह प्रक्रिया तय की गई है. परिवार ने फैंस से दुआ करने की अपील की है कि सब कुछ ठीक से हो जाए और दीपिका जल्द स्वस्थ होकर घर लौटें.

इससे पहले दीपिका की ट्यूमर सर्जरी मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में हुई थी. वह ऑपरेशन करीब 14 घंटे तक चला था. शोएब ने बताया था कि उन्होंने सुबह दीपिका को ऑपरेशन थिएटर में छोड़ा और रात में वह बाहर आईं. उसके बाद उन्हें तीन दिन तक आईसीयू में निगरानी में रखा गया था. सर्जरी सफल रही थी और ट्यूमर को पूरी तरह निकाल दिया गया था. बाद में बायोप्सी के लिए सैंपल भेजा गया था. उस कठिन दौर के बाद दीपिका धीरे धीरे रिकवर कर रही थीं.